जशपुर

जशपुर में ‘Hedgexfund’ के नाम पर करोड़ों की ठगी: 3 महीने में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ग्रामीणों को लूटा, 6 गिरफ्तार…

जशपुर। जिले में निवेश के नाम पर मासूम ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई डकारने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ‘Hedgexfund’ (हेडजेक्सफंड) नामक फर्जी नेटवर्क कंपनी के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर लाखों-करोड़ों की चपत लगाने वाले 6 आरोपियों को जशपुर पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। मुख्य आरोपी से एक लग्जरी टोयोटा टायजर कार भी जब्त की गई है।

वॉलेट में दिखता था ‘डॉलर’, हकीकत में उड़ रहे थे रुपए – ठगी का यह खेल बेहद शातिर तरीके से खेला गया। आरोपी ग्रामीणों को विश्वास दिलाने के लिए मोबाइल पर ‘Hedgexfund’ का एक डिजिटल वॉलेट बनवाते थे। इसमें निवेश की गई रकम ‘डॉलर’ में नजर आती थी, जिसे देखकर ग्रामीण झांसे में आ जाते थे। लेकिन कुछ समय बाद जैसे ही वॉलेट बंद हुआ, ग्रामीणों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

मां-बेटी से 2 लाख से अधिक की ठगी, फिर खुला राज – इस पूरे घोटाले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम कापू टोली निवासी प्रार्थिया उर्मिला बाई ने बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपियों ने उर्मिला और उनकी मां चंद्रमणि बाई को 3 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर कुल 2 लाख 10 हजार रुपए ठग लिए थे। जब प्रार्थिया ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे।

पुलिस की गिरफ्त में आए ये ‘सफेदपोश’ ठग : पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बगीचा और सन्ना क्षेत्र में दबिश देकर निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है :

  • शिवशंकर राम (29) – मुख्य आरोपी (पुलिस रिमांड पर)
  • मीनी बाई (52) – (न्यायिक रिमांड, जेल)
  • कालेश्वर राम (48) – (न्यायिक रिमांड, जेल)
  • अनिल लकड़ा (50) – (न्यायिक रिमांड, जेल)
  • शिवनाथ राम (27) – (न्यायिक रिमांड, जेल)
  • नीरा सिंह (36) – (न्यायिक रिमांड, जेल)

बगीचा क्षेत्र में नेटवर्किंग कंपनी के नाम पर ठगी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी है। अंदेशा है कि ठगी का शिकार हुए लोगों की संख्या और राशि लाखों-करोड़ों में हो सकती है। इस गिरोह के किसी भी सदस्य को बख्शा नहीं जाएगा।” – डॉ. लाल उमेद सिंह (DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर)

बढ़ सकता है ठगी का आंकड़ा – पुलिस को अंदेशा है कि महादेवदांड, कापू टोली और सन्ना क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण इस जालसाजी का शिकार हुए हैं। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, जिससे इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और ठगी की कुल रकम का खुलासा होने की उम्मीद है।

सतर्क रहें : जशपुर पुलिस ने अपील की है कि किसी भी ऐसी कंपनी के झांसे में न आएं जो कम समय में पैसा दोगुना करने का दावा करती हो। अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से पहले उसकी वैधानिकता की जांच जरूर करें।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!