कोरबा : सूने मकान में मिला युवा मीडियाकर्मी का शव, सदमे में परिवार; पुलिस जांच शुरू…

कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहाँ सीएसईबी (CSEB) कॉलोनी स्थित एक आवास में 26 वर्षीय युवा मीडियाकर्मी इमानुएल तांडी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। इमानुएल स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लंबे समय से बतौर कैमरामैन कार्यरत थे। इस असमय मौत की खबर से जिले के पत्रकार जगत और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
खिड़की तोड़कर अंदर घुसे परिजन, भीतर का दृश्य देख उड़े होश – जानकारी के अनुसार, मृतक इमानुएल के पिता सीएसईबी से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। रिटायरमेंट के बाद परिवार दूसरे मकान में रहने लगा था, लेकिन इमानुएल अक्सर इस पुराने क्वार्टर में आकर रुक जाता था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजनों ने इमानुएल को कई बार फोन किया, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन सीएसईबी कॉलोनी स्थित आवास पहुँचे। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद खिड़की तोड़कर भीतर प्रवेश किया गया। कमरे के अंदर इमानुएल का निर्जीव शरीर देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
बीमारी और इकलौते बेटे का गम – बताया जा रहा है कि इमानुएल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उनकी एक बहन भी है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से इमानुएल का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। डॉक्टरी जांच में उन्हें मधुमेह (शुगर) की गंभीर शिकायत की पुष्टि हुई थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों से ही उनकी जान गई होगी, हालांकि असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस की कार्रवाई और अधिकारी का बयान – सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
”सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को बरामद किया गया। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।”
प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसपी, कोरबा




