रायगढ़ में ‘पाप’ का पर्दाफाश : होटल ट्रिनिटी के 7वें फ्लोर पर चल रहा था ‘जिस्मों का सौदा’, पुलिस की रेड में संचालक और मैनेजर गिरफ्तार…

रायगढ़ | शहर के पॉश इलाके में स्थित होटल ट्रिनिटी के भीतर चल रहे अनैतिक देह व्यापार के काले साम्राज्य का रायगढ़ पुलिस ने ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ कर खात्मा कर दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त तेवरों के बाद सीएसपी मयंक मिश्रा की टीम ने सोमवार की शाम होटल की 7वीं मंजिल पर स्थित सनराइज स्पा एंड सैलून में दबिश देकर देह व्यापार के गिरोह को रंगे हाथों दबोचा।
पुलिस का ‘प्लान-पॉइंटर’ और रेड की कहानी : पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि होटल की ऊंचाई पर सुकून के नाम पर ‘सौदा’ किया जा रहा है। एसएसपी के निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा ने जाल बिछाया। पुलिस ने पहले एक पॉइंटर (फर्जी ग्राहक) को 6000 रुपये देकर अंदर भेजा। जैसे ही सौदा पक्का हुआ और इशारा मिला, कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने होटल को चारों तरफ से घेर लिया।
7वीं मंजिल पर कमरों का नजारा : जब पुलिस टीम ने होटल के कमरों में एंट्री ली, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। स्पा की आड़ में तीन अलग-अलग कमरों में महिलाएं मिलीं। मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, ग्राहकों का रजिस्टर, कैश और मोबाइल बरामद किए गए। होटल में साल 2024 से चल रहे इस काले खेल के दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
गिरफ़्तार हुए ‘गुनाह के सौदागर’ : पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य चेहरों को गिरफ्तार किया है:
- विनयकांत बरगट (43 वर्ष) : स्पा संचालक, जो दुर्ग (भिलाई) का रहने वाला है और यहां जिस्मफरोशी का नेटवर्क चला रहा था।
- देवेन्द्र सिंह (48 वर्ष) : होटल मैनेजर, जिसकी नाक के नीचे और मिलीभगत से यह पूरा गोरखधंधा फल-फूल रहा था।
“रायगढ़ की पावन धरा पर देह व्यापार, जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसे अनैतिक कार्यों के लिए कोई जगह नहीं है। यह तो बस शुरुआत है, ऐसे हर ठिकाने को जमींदोज किया जाएगा।”
— शशि मोहन सिंह, SSP रायगढ़
क्या-क्या हुआ जप्त? –
- नगद: ₹6,000 (पुलिस पॉइंटर द्वारा दिए गए नोट)
- मोबाइल: ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G
- दस्तावेज: ग्राहकों की एंट्री वाला रजिस्टर और 2024 से अब तक का किरायानामा।
- सामग्री: भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ PITA Act (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी कर ली है। इस बड़ी कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।




