बिलासपुर

बिलासपुर में खूनी रंजिश : हफ्ते भर पहले जेल से आए हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या, थाने में भारी बवाल…

बिलासपुर। न्यायधानी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम खून-खराबों से लाल हो गई। हफ्ते भर पहले जेल से बाहर आए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शानू उर्फ अमन हुसैन (25) की पचरी घाट बैराज के पास सरेराह चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश और समझौते के लिए बनाया जा रहा दबाव बताया जा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली थाने का घेराव कर दिया, जिससे शहर में देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही।

वारदात की पूरी कहानी: समझौते की टेबल पर बिछ गई लाश – जानकारी के मुताबिक, हटरी चौक निवासी शानू खान और विकास तिवारी के बीच पिछले 5 सालों से अदावत चल रही थी। 2021 में शानू ने विकास पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह जेल में था।

  • दबाव की राजनीति : शानू एक सप्ताह पहले जेल से छूटा और विकास पर पुराने केस में समझौते के लिए दबाव बना रहा था।
  • मौत का बुलावा : शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे समझौते की बात करने के लिए शानू ने विकास को पचरी घाट बैराज पर बुलाया।
  • खूनी संघर्ष : बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि विकास और उसके साथियों ने चाकू निकालकर शानू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने तब तक वार किए जब तक कि शानू लहूलुहान होकर गिर नहीं गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें : गंभीर रूप से घायल शानू को फौरन सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस को घटनास्थल से साक्ष्य के तौर पर खून के धब्बे, गांजा पीने वाली चिलम और चश्मा बरामद हुआ है।

देर रात थाने का घेराव, छावनी में बदला इलाका : हत्या की खबर फैलते ही शानू के परिजन और मोहल्लेवासी सैकड़ों की संख्या में सिटी कोतवाली पहुंच गए। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की। स्थिति बेकाबू होते देख प्रशासन को अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। सीएसपी गगन कुमार समेत आला अधिकारियों ने समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया।

पुलिस की कार्रवाई : मुख्य आरोपी समेत 2 गिरफ्तार – वारदात के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुख्य आरोपी विकास तिवारी और उसके साथी शैलेंद्र प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है।

​”मुख्य आरोपी विकास और शैलेंद्र को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य फरार संदिग्धों की तलाश जारी है। मामले में पूछताछ के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।”

गगन कुमार, CSP (सिटी कोतवाली)

‘हैप्पी स्ट्रीट’ बना नशेड़ियों का अड्डा : स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा विकसित किया गया ‘हैप्पी स्ट्रीट’ और बैराज का इलाका अब अपराधियों और नशेबाजों का गढ़ बनता जा रहा है। शाम ढलते ही यहाँ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिसके चलते ऐसी वारदातों का खतरा बढ़ गया है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!