सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास और तोड़फोड़ का फरार आरोपी 10 महीने बाद गिरफ्तार, स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ और चाकूबाजी का है मामला…

अंबिकापुर/सरगुजा। सरगुजा पुलिस ने गंभीर अपराधों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पिछले साल मार्च में हुई चाकूबाजी और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुशांत सिंह उर्फ अंशु को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला? – घटना 22 मार्च 2025 की रात करीब 9 बजे की है। प्रार्थी मोनू साहू (निवासी गहिरा गुरु आश्रम के पास) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुशांत सिंह, मुकेश यादव, ललित सोनी और उनके साथियों ने उसे घेरकर जान से मारने की धमकी दी और चाकू से हमला किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी स्कॉर्पियो वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की थी।
दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल : पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ महीने बाद ही 11 जून 2025 को दो आरोपियों – मुकेश यादव और ललित सोनी – को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी सुशांत सिंह घटना के दिन से ही पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी : पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी सुशांत सिंह (32 वर्ष), निवासी दर्रीपारा, शहर में ही घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने जाल बिछाया और आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।




