पाप छिपाने के लिए मैनेजर ने कोल्ड स्टोरेज को झोंका आग में : रायगढ़ से गिरफ्तार…

• 356 बोरी महुआ डकारने के बाद रची थी ‘अग्निकांड’ की साजिश, सरगुजा पुलिस ने दबोचा…
अंबिकापुर/मणिपुर। सरगुजा पुलिस ने एक ऐसे शातिर मैनेजर को गिरफ्तार किया है जिसने अपने मालिक का विश्वास तोड़ा और फिर अपने पाप को छिपाने के लिए पूरे कोल्ड स्टोरेज को आग के हवाले करने की कोशिश की। आरोपी टिकेश्वर यादव उर्फ बीर यादव, जो सांडबार स्थित ‘श्याम कोल्ड स्टोर’ में पिछले 3 साल से मैनेजर था, उसे पुलिस ने रायगढ़ जिले से घेराबंदी कर धर दबोचा है।
क्या है पूरा मामला? – मामला 10 नवंबर 2025 का है, जब सांडबार बैरियर स्थित श्याम कोल्ड स्टोर के संचालक जयशंकर साहू ने स्टॉक की जांच शुरू की। मैनेजर टिकेश्वर ने कागजों में 356 बोरी महुआ सुरक्षित होने की जानकारी दी थी। लेकिन जब एक व्यापारी महुआ लेने पहुँचा और मजदूरों को माल लोड करने के लिए अंदर भेजा गया, तब मैनेजर की घबराहट बढ़ गई।
आग लगाकर कार से हुआ फरार – आरोपी ने मजदूरों को झांसा देकर ऊपर भेजा और खुद चुपके से महुआ के ढेर और धान की बोरियों में आग लगा दी। जब मजदूरों ने उसे रंगे हाथ आग लगाते देखा और सवाल किया, तो वह “फायर स्टेशन जा रहा हूँ” कहकर अपनी कार (CG 07 CD 3407) और सूटकेस लेकर मौके से फरार हो गया।
हिसाब में हेराफेरी : धीरे-धीरे बेच दिया था माल – पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी टिकेश्वर ने स्वीकार किया कि उसने कोल्ड स्टोरेज में रखा 356 बोरी महुआ धीरे-धीरे फुटकर में गांव वालों को बेच दिया था और उन पैसों को ऐश-ओ-आराम में खर्च कर दिया। जब मालिक ने हिसाब माँगा, तो उसने सोचा कि यदि महुआ की बोरियों में आग लगा दी जाए, तो वह कह सकेगा कि सारा माल जलकर राख हो गया।
पुलिस की कार्रवाई – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के कड़े निर्देशों के बाद मणिपुर पुलिस ने जाल बिछाया। आरोपी के सिन्धुमार्ग सिसिरिंगा (धरमजयगढ़) स्थित घर पर होने की सूचना मिलते ही टीम ने छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया।
- अपराध क्रमांक : 310/25
- धाराएं : 326(G), 316(3) BNS (भारतीय न्याय संहिता)
- गिरफ्तार आरोपी : टिकेश्वर यादव उर्फ बीर (24 वर्ष), रायगढ़।
नोट : इस कार्यवाही में थाना प्रभारी मणिपुर सी.पी. तिवारी सहित पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



