सारंगढ़-बिलाईगढ़ : मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन, 22 जनवरी तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति…

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 दिसम्बर 2025। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य शुरू हो गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मीडिया के साथ बैठक कर मतदाता सूची के प्रारूप (Draft) का प्रकाशन किया।
प्रमुख तिथियां और कार्यक्रम : प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियां इस प्रकार हैं:
- प्रारूप प्रकाशन : 23 दिसम्बर 2025
- दावा-आपत्ति की अवधि : 23 दिसम्बर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक
- विशेष शिविर : पात्र युवाओं के नाम जोड़ने हेतु प्रदेश भर में विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
- अंतिम प्रकाशन : 21 फरवरी 2026
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को सुनहरा मौका : जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, या जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है सूची – राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित (Hard Copy) और डिजिटल प्रतियां सौंप दी गई हैं। आम नागरिक भी अपनी जानकारी निम्नलिखित वेबसाइट्स पर देख सकते हैं:
- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी: ceochhattisgarh.nic.in
- जिला वेबसाइट: sarangarh-bilaigarh.cg.gov.in
अपील : उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश साहू और एसडीएम वर्षा बंसल ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान सूची में अपना नाम जांच लें और किसी भी प्रकार के सुधार, नाम जुड़वाने या अपात्र नाम कटवाने के लिए समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करें।




