रायपुर पुलिस का बड़ा धमाका : न्यू ईयर पार्टी में ‘जहर’ घोलने वाले अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़!…

• राजधानी में खपाने वाले थे MDMA ड्रग्स की बड़ी खेप, नागपुर का मुख्य तस्कर और रायपुर का मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार…
रायपुर। नए साल के जश्न की आड़ में राजधानी की फिजाओं में ड्रग्स का जहर घोलने की बड़ी साजिश को रायपुर पुलिस ने नाकाम कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन में MDMA (मिथाइलीनडाइऑक्सी-मेथाम्फेटामाइन) ड्रग्स की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस सिंडिकेट के मास्टरमाइंड, एक इवेंट ऑर्गेनाइजर और नागपुर से आए मुख्य सप्लायर सहित कुल 5 आरोपियों को दबोचा है, जिनमें एक नाबालिग लड़की भी शामिल है।
फ्लैट में चल रही थी सौदेबाजी, पुलिस ने मारा छापा : 23 दिसंबर की सुबह पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि न्यू राजेंद्र नगर स्थित ‘वरण अपार्टमेंट’ के एक फ्लैट में नशीले पदार्थों का बड़ा जखीरा रखा गया है और वहां डिलीवरी की तैयारी चल रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने पूरी घेराबंदी कर फ्लैट पर धावा बोला। मौके से चार युवक और एक युवती को हिरासत में लिया गया।
नागपुर से रायपुर तक फैला है ड्रग्स का जाल : कड़ाई से पूछताछ करने पर चौंकाने वाले खुलासे हुए:
- नागपुर कनेक्शन : आरोपी शुभम राजूधावड़े विशेष रूप से महाराष्ट्र के नागपुर से एमडी ड्रग्स लेकर रायपुर पहुंचा था।
- रायपुर का मास्टरमाइंड : पराग बरछा उर्फ रघु रायपुर में ड्रग्स का मुख्य सप्लायर निकला। वह शहर के बड़े होटलों में होने वाली न्यू ईयर पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने का जाल बिछा चुका था।
- इवेंट कनेक्शन : पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह इवेंट ऑर्गेनाइजर्स (ऋषभ सिंह राजपूत और मोह. माजिद) को ड्रग्स सप्लाई करने वाला था, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
जब्ती और कार्रवाई – पुलिस ने आरोपियों के पास से :
- 10 ग्राम हाई-क्वालिटी MDMA ड्रग्स
- 4 नग स्मार्टफोन्स
- 20,000 रुपये नगद बरामद किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में नारकोटिक एक्ट (NDPS) की धारा 21B और 29 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल :
- पराग बरछा (23 वर्ष): मुख्य सप्लायर (कैलाशपुरी, रायपुर)
- शुभम राजूधावड़े (31 वर्ष): मुख्य तस्कर (नागपुर, महाराष्ट्र)
- अमन शर्मा (26 वर्ष): निवासी वरण अपार्टमेंट, रायपुर
- शुभम सिंघनापुरे (28 वर्ष): निवासी वरण अपार्टमेंट, रायपुर
- विधि से संघर्षरत बालिका
पुलिस का कड़ा संदेश : “राजधानी में नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। न्यू ईयर ईव पर होने वाली हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।”




