घरेलू विवाद बना जानलेवा: पत्नी की हत्या कर भागे आरोपी की जंगल से गिरफ्तारी…

रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुई पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो दिनों की लगातार तलाश के बाद मुख्य आरोपी आलाप अगरिया को तोलगे जंगल से गिरफ्तार कर लिया। 16 नवंबर की रात पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी अमासो अगरिया (30) पर टांगी के बेंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
हत्या के बाद आरोपी जंगल में छिपकर लगातार बचने की कोशिश करता रहा, जिसके मद्देनज़र पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आज सुबह प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तोलगे के घने जंगल में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आलाप अगरिया ने स्वीकार किया कि घरेलू विवाद के दौरान आवेश में आकर उसने पत्नी पर टांगी के बेंट से वार किया था। उसके मेमोरण्डम पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी का बेंट और घटना के समय पहनी लुंगी बरामद कर ली है।
मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 299/2025 धारा 103(1) BNS के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एसपी दिव्यांग पटेल, एडिशनल एसपी आकाश मरकाम और धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई डीपी चौहान, आरक्षक गोविंद बनर्जी, राजू तिग्गा और चमार साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्यवाही ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपी जंगलों और कठिन इलाकों में छिपकर भी कानून की गिरफ्त से नहीं बच सकते।




