जशपुर

कुनकुरी में नवरात्र महाउत्सव का आगाज़ – माँ दुर्गा के जयकारों से गूँजा पूरा नगर…

जशपुर। जिले के कुनकुरी में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होते ही पूरा नगर देवी-भक्ति में सराबोर हो गया। प्रातःकाल से ही माँ दुर्गा के जयकारे और वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज ने वातावरण को शक्ति और आस्था से परिपूर्ण कर दिया।

नगर के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में आज कलश स्थापना विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ सुबह से ही पंडालों में उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों की थाप, सैकड़ों दीपों की जगमगाहट और देवी भजनों की मधुर धुनों से पूरा कुनकुरी आज देवीमय हो उठा।

विशेष आकर्षण रहा डुगडुगिया दुर्गा पूजा पंडाल, जहाँ वृन्दावन से पधारे सुव्रत कटारे जी महाराज ने शास्त्रीय विधि से सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर माँ दुर्गा की महाआरती संपन्न कराई। इस दौरान भक्तों का जनसैलाब माँ के चरणों में आराधना और साधना में लीन रहा। अगले नौ दिनों तक यहाँ भजन-कीर्तन, जशगीत और अनुष्ठानों का दिव्य संगम देखने को मिलेगा।

नगर में इस वर्ष भी परंपरा के अनुरूप चार प्रमुख स्थानों पर नवरात्र महोत्सव का आयोजन हो रहा है। सभी समितियों ने कलश यात्रा और कलश स्थापना के साथ देवी आराधना का प्रारंभ कर दिया है। श्रद्धालु नौ दिनों तक माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना कर शक्ति, समृद्धि और मंगल की कामना करेंगे।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कुनकुरी थाना प्रभारी राकेश यादव ने नगरभर में पुलिस बल की तैनाती की है। यातायात को सुचारु रखने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है, ताकि भक्तजन निर्बाध रूप से दर्शन कर सकें।

इस समय पूरा कुनकुरी नगर भक्ति, उल्लास और दिव्यता का अद्भुत संगम बना हुआ है। दशहरे के अवसर पर माँ दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ यह महाउत्सव अपने चरम पर पहुँचेगा।

“या देवी सर्वभूतेषु शक्ति-रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।”
माँ के इस मंगल मंत्र की गूंज श्रद्धालुओं के हृदयों में आस्था, शक्ति और विजय का अमिट संचार कर रही है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!