बालोद पुलिस और एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई : लग्जरी कार से हेरोइन और अवैध पिस्टल के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, एसपी किरण चव्हाण के नेतृत्व में ताबड़तोड़ एक्शन जारी

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों और अवैध कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जिला पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। नए बस स्टैंड के पीछे खड़ी एक लग्जरी टाटा हेक्सा कार से प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) और एक अवैध देशी पिस्टल बरामद करते हुए पुलिस ने एक शातिर आरोपी को धर दबोचा है। इस बड़ी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के कुशल नेतृत्व का असर
जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे इस ताबड़तोड़ अभियान की सबसे खास बात यह है कि यह पूरा ऑपरेशन पुलिस अधीक्षक (एसपी) बालोद, किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के बेहद कड़े और दूरदर्शी निर्देशन में अंजाम दिया जा रहा है। एसपी किरण चव्हाण के कार्यभार संभालने के बाद से ही बालोद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया हुआ है। उनके कुशल मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना तथा एसडीओपी बालोद विनय साहू की सक्रिय निगरानी में जिले में मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के तस्करों पर लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। एसपी चव्हाण की सख्त कार्यशैली और स्पष्ट रणनीतियों का ही परिणाम है कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) पल-पल की सूचना पर तत्परता से एक्शन ले रही है और अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर रही है। जनता के बीच भी एसपी किरण चव्हाण के इस निष्पक्ष और कठोर रवैये की जमकर सराहना हो रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस का शिकंजा
घटनाक्रम के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की रात्रि को पुलिस को एक पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि बालोद शहर के नए बस स्टैंड के पीछे सफेद रंग की एक टाटा हेक्सा कार (क्रमांक सीजी 17 केएम 4455) संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। सूचना में यह भी बताया गया कि वाहन के भीतर चालक की सीट पर बैठा व्यक्ति अपने पास भारी मात्रा में हेरोइन (चिट्टा) और अवैध देशी पिस्टल रखे हुए है।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए सभी आवश्यक विवेचना सामग्री और गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को घेर लिया।

कार के भीतर से दबोचा गया आरोपी
तलाशी के दौरान वाहन के अंदर चालक की सीट पर एक युवक संदिग्ध हालत में बैठा हुआ मिला। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू (पिता सुनील बंसोड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 21, रेलवे कॉलोनी, राजहरा, थाना दल्ली राजहरा, जिला बालोद) बताया।
जब पुलिस ने वाहन के डैशबोर्ड की तलाशी ली, तो उसके अंदर से एक पारदर्शी झिल्ली में रखा हुआ अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद हुई। आरोपी से जब इस हथियार के वैध दस्तावेजों की मांग की गई, तो वह कोई भी कागजात पेश करने में असमर्थ रहा।

कुल 11.83 लाख रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस ने नियमानुसार पूरी जब्ती की कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ और हथियार को अपने कब्जे में लिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान जप्त की गई सामग्रियों का कुल विवरण नीचे दिया गया है:
- प्रतिबंधित पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) : वजन लगभग 6.40 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹1,28,000 रुपये
- देशी पिस्टल (विदेशी माउजर स्टाइल) : अनुमानित कीमत ₹50,000 रुपए
- एंड्रॉयड मोबाइल फोन : (iQOO कंपनी), अनुमानित कीमत ₹5,000 रुपए
- टाटा हेक्सा कार : (पंजीयन क्रमांक सीजी 17 केएम 4455), अनुमानित कीमत ₹10,00,000 रुपए
इस प्रकार, कुल ₹11,83,000 (ग्यारह लाख तिरासी हजार रुपये) कीमती सामग्री जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ थाना बालोद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
पुलिस टीम की मेहनत और जनता से अपील
इस बेहतरीन और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, आरक्षक बनवाली साहू, आरक्षक चुलेन्द्र कुर्रे, आरक्षक भूपेश साहू, आरक्षक संजय सोनी तथा एएनटीएफ की पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही है।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस के इस अभियान में खुलकर सहयोग करें, ताकि समाज को पूरी तरह सुरक्षित और नशामुक्त बनाया जा सके।




