दल्ली राजहरा में कांग्रेस को बड़ा झटका : उपेक्षा और गुटबाजी से तंग दो महिला पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की दल्ली राजहरा नगर पालिका की राजनीति में सोमवार को उस समय बहुत बड़ा फेरबदल देखने को मिला, जब विपक्ष में बैठी कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए उसकी दो निर्वाचित महिला पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। लंबे समय से कांग्रेस के भीतर जारी अंदरूनी कलह, स्थानीय नेताओं की अदूरदर्शिता, कार्यकर्ताओं की लगातार हो रही उपेक्षा और पूर्व पालिका अध्यक्ष के समय हुए भ्रष्टाचार से क्षुब्ध होकर जनप्रतिनिधियों का कांग्रेस से मोहभंग हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पारदर्शी सुशासन से प्रभावित होकर इन पार्षदों ने भाजपा का दामन थामा है।

बालोद स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान यह राजनीतिक फेरबदल संपन्न हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख के नेतृत्व में दल्ली राजहरा के वार्ड नंबर 05 से पार्षद श्रीमती अनिता सोनवानी तथा वार्ड नंबर 13 से पार्षद श्रीमती पुसई साहू ने औपचारिक रूप से कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
“मंच पर उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दोनों महिला पार्षदों को भाजपा का पारंपरिक गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया और पार्टी परिवार में उनका अभिनंदन किया।”
इस फेरबदल के पीछे कांग्रेस के भीतर व्याप्त गहरा असंतोष मुख्य कारण बनकर उभरा है। दल्ली राजहरा नगर पालिका में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर के कार्यकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार, मनमानी और अनियमताओं के कारण जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच भारी अविश्वास का माहौल बना हुआ है।
कांग्रेस के स्थानीय व प्रादेशिक नेतृत्व की कमजोरी के चलते निष्ठावान कार्यकर्ताओं और जनता द्वारा चुनकर भेजी गईं महिला पार्षदों की लगातार उपेक्षा की जा रही थी। पार्टी के भीतर जनसमस्याओं की अनदेखी और संवादहीनता से परेशान होकर दोनों पार्षदों ने कांग्रेस का साथ छोड़ना ही क्षेत्र के विकास और जनहित के लिए उचित समझा।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे जिनमें श्रीमती संध्या परघनिया (भाजपा जिला प्रभारी), ललित चंद्राकर (दुर्ग ग्रामीण विधायक), चेमन देशमुख (भाजपा जिलाध्यक्ष), पवन साहू (पूर्व जिलाध्यक्ष), श्रीमती शीतल नायक (प्रदेश महामंत्री, महिला मोर्चा), राकेश यादव (जिला महामंत्री) तथा मनीष झा (भाजपा मंडल प्रभारी) मौजूद थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने दोनों नवागत पार्षदों का अभिनंदन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, जनसेवा और विकास की विचारधारा पर निष्ठापूर्वक कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों जुझारू महिला पार्षदों के आने से दल्ली राजहरा में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। पूर्व में कांग्रेस के भ्रष्टाचार और निष्क्रियता के कारण ठप पड़े विकास कार्यों को अब भाजपा सरकार के नेतृत्व में नई गति मिलेगी और दोनों पार्षद अपने-अपने वार्डों में जनसेवा के कार्यों को प्रमुखता से आगे बढ़ाएंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




