सड़क हादसे ने छीना होनहार शिक्षक : बालोद में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कॉमर्स लेक्चरर की मौत

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुमकसा गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है और शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान लितेश कुमार खरे (नितेश खरे) के रूप में हुई है, जो भैंसबोड़ गांव स्थित शासकीय हाई स्कूल में वाणिज्य (कॉमर्स) विषय के व्याख्याता के पद पर लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे थे।
राजहरा पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिक्षक लितेश कुमार खरे किसी शासकीय कार्य के सिलसिले में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। वहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) की बैठक में शामिल होने के बाद वे अपनी बाइक से वापस अपने स्कूल और घर लौट रहे थे। जब वे कुसुमकसा गांव के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

शिक्षक लितेश कुमार खरे पिछले कई वर्षों से भैंसबोड़ हाईस्कूल में शिक्षण कार्य से जुड़े हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने वाणिज्य संकाय के सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य संवारा था। एक मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती शिक्षक के रूप में उनकी खासी पहचान थी। अचानक हुए इस हादसे की खबर जैसे ही उनके परिवार, स्कूल के छात्र-छात्राओं और अन्य शिक्षकों तक पहुँची, पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई। हर कोई इस अचानक हुई दुर्घटना से स्तब्ध और दुखी है।

घटना की सूचना मिलते ही दल्ली राजहरा थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। अज्ञात वाहन का सुराग लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास और मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वाहन की शिनाख्त कर ली जाएगी और आरोपी चालक के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




