डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर बालोद पुलिस की बड़ी कार्यवाही, दो गिरफ्तार भेजे गए जेल

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। बढ़ती डीजल चोरी की घटनाओं को रोकने और आरोपीगणों को गिरफ्तार करने के उद्देश्य से बालोद पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में उपयोग की गई वाहनें, मोबाइल फोन और 490 लीटर डीजल सहित कुल 5,51,000 रुपये मूल्य की सामग्री जप्त की है। मामले में दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन व अनुविभागीय अधिकारी बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को गंभीरता से देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा व साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य के नेतृत्व में गठित इस टीम ने सतर्कता के साथ छानबीन शुरू की तो झलमला के पास नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्वीप्ट डिजायर वाहन (एमपी 09 सीजे 6475) पकड़ा गया। वाहन में सवार तीनों लोग पुलिस देख भागने लगे, जिन्हें टीम ने दौड़ाकर पकड़ा। पकड़े गए दो आरोपियों की पहचान शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी (19), पुत्र पीरुलाल वाल्मिकी, व देवेन्द्र विश्वकर्मा (25), पुत्र राधेश्याम विश्वकर्मा— दोनों ग्राम छापीहेडा, थाना सिटी कोतवाली शाजापुर (म.प्र.) के रूप में हुई। त्वरित पूछताछ में वाहन चालक समीर मेवाती निवासी दुपाड़ा मध्यप्रदेश के नाम से फरार पाया गया; उसकी तलाश जारी है।
शिकायतकर्ता खिलेश्वर सिंह तारम निवासी ग्राम नेवारीखुर्द की रिपोर्ट के अनुसार 01 जून 2026 को दो ट्रकों में भरे लोहे के माल को रायपुर में उतारने के बाद ट्रकें 02 जून को नेवारीखुर्द के पास प्राथमिक स्कूल के सामने खड़ी की गई थीं। 04 जून को सुबह ट्रक क्रमांक सीजी 04 एनजेड 8509 के ड्राइवर ने देखा कि डीजल टंकी का ढक्कन खुला और टंकी पूरी तरह खाली थी। जांच में पाया गया कि दोनों ट्रकों से कुल 560 लीटर डीजल चोरी हुआ था, जिसके आधार पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 268/2026 धारा 303(2), 3(5), 317(2), 112(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जून माह में भिलाई में रुके थे और रात के समय बालोद क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी कर रहे थे। विशिष्ट रूप से बताया गया कि आरोपी रात में 11-12 बजे के बीच अलग-अलग स्थानों—लाटाबोड़, नेवारीखुर्द, जगतरा व बालोद—पर जाकर ट्रकों के टैंकों का ताला तोड़कर पाईप से डीजल खींच लेते और उसे गेलनों में भरकर भिलाई ले जाकर बेच देते थे। चोरी की कमाई से आरोपियों ने एक सफेद रंग की स्कार्पियो खरीदी (सीजी 10 एफए 1228) और कुछ रकम उनके परिजनों के बैंक खातों में भेजी गई। पहले अप्रैल 2026 में भी क्षेत्र में हुई समान घटनाओं में इनकी संलिप्तता मिलने के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने आरोपीगणों के बताए ठिकाने पर भिलाई के सेक्टर-6 में छोड़े गए छिपे हुए वाहन एवं डीजल बरामद किए। जप्त की गई सामग्री में एक सफेद टाटा सुमो (सीजी 07 0563), सफेद स्कार्पियो (सीजी 10 एफए 1228), तीन 35-लीटर के बड़े प्लास्टिक गेलन में भरा 490 लीटर डीजल (कुल कीमत लगभग 51,000 रु), एक एप्पल टचस्क्रीन मोबाइल तथा स्वीप्ट डिजायर वाहन और उसमें रखे खाली गेलन व प्लास्टिक पाइप शामिल हैं। कुल बरामद राशि व माल की कीमत लगभग 5,51,000 रुपये बताई जा रही है।
घटना के गंभीर और संगठित स्वरूप को देखते हुए प्रकरण में धाराओं 317(2), 3(5), 112(2) भी जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है जबकि फरार साथी समीर मेवाती व अन्य संदिग्धों की पकड़ के लिए तलाशी व आगे की कार्यवाही जारी है।
पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से आग्रह किया है कि वे संदिग्त गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर दें ताकि भविष्य में इस प्रकार की चोरी रोकी जा सके।
आरोपीगणों को पकड़ने में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक (1515) हरिशंचद्र सिन्हा, आरक्षक (147) जितेन्द्र कुमार सिन्हा, आरक्षक (339) संजय सोनी, आरक्षक (36) मोहन कोकिला, आरक्षक (1948) बनवाली साहू, सायबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक (1279) विवेक शाही, आरक्षक (202) संदीप यादव, आरक्षक (323) राहुल मनहरे, आरक्षक (507) आकाश सोनी, आरक्षक (08) आकाश दुबे, आरक्षक (32) पुरन देवांगन, आरक्षक (21) विपिन गुप्ता, आरक्षक (280) गुलजारी साहू, आरक्षक (563) भोपसिंह साहू का सराहनीय योगदान रहा।
आरोपीगणों के खिलाफ थाना बालोद व अर्जुन्दा में पंजीबध्द अन्य अपराध –
- थाना बालोद अपराध क्रमांक- 159/2026 धारा 303(2), 3(5), 317(2), 112(2) बीएनएस
- थाना बालोद अपराध क्रमांक- 269/2026 धारा 303(2), 3(5), 317(2), 112(2) बीएनएस
- थाना बालोद अपराध क्रमांक- 278/2026 धारा 303(2), 3(5), 317(2), 112(2) बीएनएस
- थाना बालोद अपराध क्रमांक- 279/2026 धारा 303(2), 3(5), 317(2), 112(2) बीएनएस
- थाना अर्जुन्दा अपराध क्रमांक- 52/2026 धारा 303(2), 3(5), 317(2), 112(2) बीएनएस




