रायगढ़ में ‘किलर’ रफ्तार का कहर: मासूम पोती की मौके पर मौत, दादा जिंदगी और मौत के बीच…

रायगढ़। रायगढ़ की सड़कें अब सड़कें नहीं, बल्कि ‘खूनी गलियारा’ बन चुकी हैं। शहर में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार मासूमों का लहू पी रही है। रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के CMHO तिराहे पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक ‘किलर ट्रेलर’ ने स्कूटी सवार दादा-पोती को तिनके की तरह उड़ा दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में 14 साल की मासूम ममता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दादा मौत से जंग लड़ रहे हैं।
मौत का वो खौफनाक मंजर… उर्दना कृष्णापुर निवासी पितरूस तिर्की अपनी पोती ममता के साथ हंसी-खुशी सोसायटी से चावल लेकर घर लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि पीछे से आ रहा काल (ट्रेलर) उनका पीछा कर रहा है। चश्मदीदों के मुताबिक :
- जोरदार भिड़ंत : पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को ऐसी टक्कर मारी कि दादा दूर जा गिरे।
- टुकड़ों में बिखरी खुशियां : मासूम ममता सीधे ट्रेलर के भारी-भरकम पहिए के नीचे आ गई। मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई।
गुस्से से दहका शहर, चक्काजाम के हालात : हादसे के बाद जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। CMHO तिराहे पर देखते ही देखते सैलाब उमड़ पड़ा। सड़क पर मासूम की लाश और परिजनों का विलाप देख लोगों ने सड़क जाम कर दी। घंटों तक शहर की लाइफलाइन थमी रही और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
भागा ‘कातिल’ ड्राइवर, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में दबोचा : हादसे को अंजाम देने के बाद कातिल ड्राइवर ट्रेलर लेकर मौके से रफूचक्कर हो गया था। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकाबंदी की और आरोपी को पूंजीपथरा रोड पर फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दबोच लिया।
“कब थमेगा सड़कों पर खून? रायगढ़ पुलिस और प्रशासन की सख्ती के दावों की धज्जियां उड़ा रहे हैं ये बेलगाम भारी वाहन। आज एक घर का चिराग बुझ गया, इसका जिम्मेदार कौन?”
पुलिस की कार्रवाई :
- परिजनों को सहायता : पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था कायम करते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि दी।
- FIR दर्ज : आरोपी ड्राइवर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बड़ा सवाल : आखिर कब तक भारी वाहनों की ये ‘गुंडागर्दी’ रायगढ़ की सड़कों पर मासूमों की जान लेती रहेगी? प्रशासन की नींद कब खुलेगी?




