रायगढ़ पुलिस का कड़ा प्रहार : नाबालिग से दरिंदगी की कोशिश करने वाला पड़ोसी गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुँचा आरोपी…

रायगढ़। महिला सुरक्षा और नाबालिगों के संरक्षण को लेकर रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का असर धरातल पर दिखने लगा है। थाना कोतरारोड़ पुलिस ने एक 12 वर्षीय बालिका के साथ लगातार छेड़खानी करने वाले अधेड़ आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।
डरी-सहमी बच्ची ने बयां किया पड़ोसी का ‘खौफनाक चेहरा’ – घटना कोतरारोड़ थाना क्षेत्र की है, जहाँ एक 42 वर्षीय शख्स संतोष महंत अपनी ही पड़ोस की 12 साल की मासूम बच्ची पर गंदी नीयत रखता था। आरोपी पिछले चार-पांच दिनों से लगातार बालिका को परेशान कर रहा था। हद तो तब पार हो गई जब 11 अप्रैल को बच्ची घर के बाहर अकेली कपड़े धो रही थी। मां जंगल गई थी और पिता ड्यूटी पर थे, इसी सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने अश्लील हरकतें की और बच्ची को जुबान खोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई : सीधे घर से दबोचा – डरी-सहमी मासूम ने जब अपनी मां को आपबीती सुनाई, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। 12 अप्रैल को परिजन सीधे कोतरारोड़ थाने पहुँचे। प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल महिला अधिकारी से बच्ची का बयान दर्ज कराया। पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए आरोपी के घर पर दबिश दी और उसे धर दबोचा।
इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई – कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी संतोष महंत के विरुद्ध सख्त कानूनी शिकंजा कसते हुए निम्नलिखित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है :
- धारा 79 (BNS) : महिला की मर्यादा भंग करने का प्रयास।
- धारा 12 (पॉक्सो एक्ट) : नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न।
“अपराधी कितना भी रसूखदार हो, बख्शा नहीं जाएगा” – इस कार्रवाई के बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा :
“महिला एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर अडिग है। मासूमों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और ऐसे विकृत मानसिकता वाले अपराधियों के विरुद्ध सबसे सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”




