रायगढ़ पुलिस का ‘प्रहार’: 4180 किलो अवैध कबाड़ और टाटा माजदा जब्त, तस्करों में हड़कंप…

रायगढ़ | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के ‘ऑपरेशन प्रहार’ ने अवैध कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। बीती रात साइबर सेल और खरसिया पुलिस ने एक संयुक्त और सटीक घेराबंदी करते हुए अवैध कबाड़ से लदे एक टाटा माजदा वाहन को धर दबोचा। पुलिस ने मौके से 4180 किलो कबाड़ बरामद कर कुल 5 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर बिछाया जाल – पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा माजदा (क्रमांक CG 13 AN 7028) में चोरी का कबाड़ भरकर खरसिया की ओर ले जाया जा रहा है। एसएसपी के निर्देश पर तत्काल एक्शन में आई साइबर टीम और चौकी खरसिया की टीम ने बायपास रोड पर नाकेबंदी की। जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
दस्तावेज मांगने पर उड़ गए चालक के होश – वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में जंग लगा लोहा, छड़, टीना और तार लोड पाया गया। जब चालक टीपू मनिहार (34 वर्ष, निवासी तुर्रीभांठा) से कबाड़ के कागजात मांगे गए, तो वह बहाने बनाने लगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने स्पष्ट माना कि यह चोरी की संपत्ति है।
कड़ी धाराओं में कार्रवाई – पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(क)(ड) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए:
- टाटा माजदा वाहन : कीमती लगभग 5 लाख रुपये।
- अवैध कबाड़ : वजन 4180 किलोग्राम (कीमत करीब 15 हजार रुपये)। दोनों को विधिवत जब्त कर लिया है।
इन जांबाजों की रही मुख्य भूमिका – इस सफल रेड को चौकी प्रभारी खरसिया त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में एएसआई मनोज पटेल, साइबर सेल के आरक्षक धनंजय कश्यप, जगमोहन ओग्रे, पुष्पेंद्र जाटवर, प्रशांत पण्डा, नवीन शुक्ला और चौकी खरसिया के डमरूधर पटेल व साविल चन्द्रा ने अंजाम दिया।
एसएसपी का अल्टीमेटम:
“जिले में अवैध कबाड़ और चोरी की संपत्ति का कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसी हर गतिविधि को कुचल दिया जाएगा। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।” शशि मोहन सिंह (SSP, रायगढ़)




