सरगुजा पुलिस का ‘हंटर’: शहर से बाइक उड़ाने वाला शातिर चोर दबोचा, दो मोटरसाइकिल बरामद…

अम्बिकापुर। शहर में दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने शहर के व्यस्त इलाकों से गाड़ियां पार करने में महारत हासिल कर ली थी। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।
वारदात का सिलसिला : मंदिर और कलेक्ट्रेट को बनाया निशाना – मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी दिलीप साव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 फरवरी की रात पुलिस पेट्रोल पंप के पास खड़ी उनकी टीवीएस एक्सेल (CG 15 CZ 3816) गायब हो गई है। पुलिस ने धारा 305(बी) BNS के तहत मामला दर्ज कर जाल बिछाया।
जांच के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि मिशन चौक निवासी एक युवक चोरी की बाइक लेकर मोहल्ले में घूम रहा है। खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर सुजीत कुमार सारथी (26 वर्ष) को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ में खुले राज : पुलिसिया पूछताछ में आरोपी सुजीत ने न केवल दिलीप साव की बाइक चोरी करना कबूल किया, बल्कि यह भी बताया कि उसने दूसरी मोटरसाइकिल (CG 15 CD 2953) कलेक्ट्रेट परिसर जैसे सुरक्षित इलाके से पार की थी।
बरामदगी : 01 नग टीवीएस एक्सेल (CG 15 CZ 3816)
- 01 नग अन्य मोटरसाइकिल (CG 15 CD 2953)
- कुल मशरुका: लगभग ₹1,00,000/-
पुलिस टीम की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई : इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में एएसआई विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, जगसाय मरकाम, सरके खेस और आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा व लालबाबू की सराहनीय भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।




