रायगढ़ : जिले में ‘सिंघम’ मोड में पुलिस : होली से पहले हुड़दंगियों का ‘इलाज’ शुरू, 31 पर गिरी गाज, 3 पहुंचे जेल!…

रायगढ़। होली का त्योहार अभी करीब है, लेकिन रायगढ़ पुलिस ने हुड़दंगियों और अड्डेबाजों के रंग में अभी से ‘भंग’ डालना शुरू कर दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के तेवर साफ हैं – “शहर में शांति रहेगी या फिर उपद्रवी सलाखों के पीछे होंगे।”
रविवार को जिलेभर में पुलिस ने जो ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की, उसने असामाजिक तत्वों की कमर तोड़ दी है। भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर निकले अफसरों ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि रायगढ़ की सड़कों पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ताबड़तोड़ एक्शन : आंकड़ों की जुबानी – पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने जिले के चप्पे-चप्पे को खंगाला। कार्रवाई की धार इतनी तेज थी कि :
- 3 आदतन अपराधी जेल दाखिल : कोतवाली, जूटमिल और भूपदेवपुर पुलिस ने धारा 170 BNSS के तहत 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर सीधे जेल भेज दिया।
- 28 पर प्रतिबंधात्मक चाबुक : विवाद और शांति भंग की आशंका वाले 28 संदिग्धों पर कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
- सड़कों पर सघन चेकिंग : पुलिस ने 268 वाहन चालकों को नियम तोड़ते पकड़ा और उनसे ₹1,22,200 का जुर्माना वसूला।
विजिबल पुलिसिंग : जब सड़कों पर उतरी ‘खाकी’ – एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस लाइन का अतिरिक्त बल जब मार्केट, चौक-चौराहों और तंग बस्तियों में पैदल मार्च पर निकला, तो नजारा देखने लायक था। पुलिस की इस मौजूदगी ने जहां आम जनता के मन में सुरक्षा का भाव जगाया, वहीं संदिग्ध ठिकानों पर जमने वाली ‘अड्डेबाजों’ की महफिलें पल भर में तितर-बितर हो गईं।
एसएसपी की दो टूक चेतावनी : एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान थमने वाला नहीं है। होली के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों पर पुलिस की ‘तीसरी आंख’ और जमीनी पेट्रोलिंग और भी सख्त की जाएगी।
“हमारा लक्ष्य है कि हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे। जो भी कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश करेगा, रायगढ़ पुलिस उससे कड़ाई से निपटेगी।”




