खौफ का अंत : घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला ‘सिरफिरा’ सलाखों के पीछे, SSP के तेवर सख्त…

रायगढ़। जिले में अब अपराधियों की खैर नहीं! महिला सुरक्षा को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह के ‘जीरो टॉलरेंस’ निर्देश का असर जमीन पर दिखने लगा है। घर की दहलीज लांघकर एक नाबालिग की अस्मत से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वाले सिरफिरे युवक दिलसाय चौहान को रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोचकर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।
सन्नाटे का फायदा, छत के रास्ते घर में ‘एंट्री’ : घटना 6 फरवरी की है, जब पीड़िता के माता-पिता नटवर स्कूल में आध्यात्मिक प्रवचन सुनने गए थे। घर में बच्चों को अकेला पाकर आरोपी दिलसाय चौहान (25 वर्ष) ने दरिंदगी की नीयत से छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। आरोपी ने न केवल नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की, बल्कि किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर उसे डराने की भी कोशिश की।
एक्शन मोड में महिला थाना : 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार : जैसे ही परिजन घर लौटे और पीड़िता ने आपबीती सुनाई, पिता ने तत्काल महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर ने अपनी टीम के साथ जाल बिछाया। पुलिस की तत्परता का आलम यह था कि आरोपी को भागने का मौका तक नहीं मिला और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में कसा शिकंजा :
- BNS: धारा 331(4), 74, 75(2), 115(2), 351(3)
- POCSO Act: धारा 8
एसएसपी का अल्टीमेटम : “सम्मान से खिलवाड़ किया, तो बख्शेंगे नहीं” – इस सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट लफ्जों में कहा:
“रायगढ़ जिले में महिलाओं और नाबालिगों के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। हर अपराधी पर हमारी पैनी नजर है। कानून की पूरी सख्ती के साथ दोषियों को कुचला जाएगा। समाज में भयमुक्त वातावरण हमारी पहली प्राथमिकता है।”
रायगढ़ पुलिस की अपील : किसी भी अप्रिय घटना या छेड़छाड़ की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी।




