रायपुर में खूनी ‘डेट’ : बीयर बार में बॉयफ्रेंड ने फोड़ी बोतल, 23 दिन बाद मौत की जंग हारी वेदिका…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी इन दिनों अपराध का ‘हॉट स्पॉट’ बनती जा रही है। प्यार, शराब और फिर खूनी अंजाम—शहर के एक बार में हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। एक युवती, जो अपने प्रेमी के साथ सात फेरे लेने के सपने देख रही थी, उसी प्रेमी के हाथों बेरहमी से मौत के घाट उतार दी गई।
विवाद, वार और फिर लहूलुहान फर्श : घटना 21 दिसंबर की है। मृतिका वेदिका सागर अपने मंगेतर टी सुनील राव उर्फ शीनू के साथ राजधानी के एक बार में बीयर पीने गई थी। दोनों के बीच जल्द ही शादी होने वाली थी, लेकिन शराब के नशे में उनके बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि शीनू ने आपा खो दिया और वेदिका के सिर पर बीयर की बोतल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
CCTV में कैद हुई रोंगटे खड़े करने वाली हैवानियत – बार में लगे सीसीटीवी फुटेज ने आरोपी की बर्बरता की गवाही दी है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि :
- आरोपी ने पहले वेदिका के सिर पर बोतल से वार किया।
- जब युवती बेदम होने लगी, तो आरोपी ने उसके बाल पकड़कर उसे कुर्सी से नीचे पटक दिया।
- घायल अवस्था में भी आरोपी रुका नहीं और युवती के चेहरे पर लगातार हमला करता रहा, जिससे पूरा फर्श खून से सन गया।
23 दिनों तक मौत से लड़ती रही वेदिका – हमले के तुरंत बाद पुलिस ने वेदिका को अस्पताल में भर्ती कराया था। करीब 23 दिनों तक वेंटिलेटर और बिस्तर पर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद, सोमवार को वेदिका की सांसें टूट गईं। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और मोहल्लेवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई : अब हत्या का मामला दर्ज – रायपुर पुलिस के अनुसार, आरोपी शीनू को वारदात के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। शुरुआत में घायल युवती की स्थिति को देखते हुए धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज था। लेकिन युवती की मौत के बाद, अब पुलिस ने धाराओं में बदलाव करते हुए आरोपी पर धारा 302 (हत्या) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
“राजधानी में बढ़ता अपराध और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति आज एक मासूम की जान ले बैठी। मंगेतर ही कातिल बन गया और एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया।”




