खौफनाक : कोरबा में दरिंदगी की हदें पार, ट्रेलर चालक को लूटकर रेलवे ट्रैक पर फेंका, ट्रेन से कटा पैर…

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ बेखौफ बदमाशों ने न सिर्फ एक ट्रेलर चालक को अगवा कर लूटा, बल्कि उसे मरने के लिए हाथ-पैर बांधकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। रात भर कड़ाके की ठंड और मौत के साये में पड़े चालक के पैर को मालगाड़ी ने काट दिया।
वारदात का खौफनाक मंजर : घटना सोमवार सुबह की है जब उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी चालक विनोद कहार खाना खाने जा रहा था। तभी बोलेरो सवार नकाबपोश बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया। बदमाशों ने विनोद से 3 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने और उसे मौत के घाट उतारने की नीयत से बदमाशों ने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधे और उसे कुसमुंडा गेट नंबर 6 के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक कर फरार हो गए।
रात भर तड़पता रहा बेबस चालक – हाथ-पैर बंधे होने के कारण विनोद हिलने की स्थिति में भी नहीं था। कड़ाके की ठंड के बीच वह पूरी रात पटरियों पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ता रहा। इसी दौरान वहां से गुजरी एक मालगाड़ी की चपेट में आने से उसके बाएं पैर की एड़ी कटकर अलग हो गई।
सुबह फरिश्ता बनकर पहुंचा राहगीर – जब सुबह उजाला हुआ, तब एक राहगीर की नजर खून से लथपथ और बंधे हुए विनोद पर पड़ी। राहगीर ने तत्परता दिखाते हुए उसकी रस्सियां खोलीं। विनोद ने किसी तरह अपने दोस्त राजनाथ को सूचना दी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस की भूमिका पर सवाल? – अस्पताल प्रबंधन की सूचना के बाद पुलिस अब मामले की तफ्तीश में जुटी है। लेकिन इस घटना ने कुसमुंडा खदान क्षेत्र की सुरक्षा और बदमाशों के बुलंद हौसलों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या महज 3 हजार रुपये के लिए किसी की जान लेना इतना आसान हो गया है?
अहम जानकारी: पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और चालक के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।




