रायगढ़

जशपुर पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ : रांची से पीछा कर रहे लुटेरों को झारखंड में दबोचा, 13 लाख की सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश!…

जशपुर। जशपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरों के मंसूबों को पस्त करते हुए 13 लाख रुपये की बड़ी लूट की गुत्थी सुलझा ली है। बीती 2 दिसंबर को बालाछापर में एक ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर जंगल ले जाने और लाखों की नकदी उड़ाने वाले गिरोह के एक मुख्य गुर्गे को पुलिस ने झारखंड के गढ़वा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूट की रकम भी बरामद हुई है।

वारदात : हाईवे पर खूनी खेल और लाखों की चपत – घटना 2 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे की है। पत्थलगांव के व्यापारी रमेश अग्रवाल का ट्रक (CG-14-MT-6190) रांची से 13 लाख रुपये कैश लेकर लौट रहा था। जैसे ही ट्रक ड्राइवर सुभाष देव कुमार बालाछापर पावर हाउस के पास लघुशंका के लिए उतरा, पहले से पीछे कर रहे कार सवार चार बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया।

​लुटेरे ड्राइवर को मारपीट करते हुए घसीटकर जंगल की ओर ले जाने लगे, इसी बीच गिरोह के दो सदस्यों ने केबिन की सीट के नीचे रखे रुपयों से भरा झोला निकाला और “काम हो गया” चिल्लाते हुए ऑल्टो कार से फरार हो गए।

पुलिस की पैनी नजर : CCTV और मुखबिर ने बिछाया जाल – एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने इस चुनौती को स्वीकार किया। जांच के दौरान पुलिस ने नेशनल हाईवे के दर्जनों CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध सफेद ऑल्टो कार नजर आई। कड़ियां जुड़ती गईं और सुराग सीधे झारखंड के गढ़वा जिले तक जा पहुंचे।

झारखंड में दबिश : ‘अमीर’ बना बैठा था लुटेरा – पुलिस टीम ने जब गढ़वा के ग्राम कदालिया में दबिश दी, तो पता चला कि पवन कुमार पासवान (28 वर्ष) अचानक से काफी ज्यादा पैसे खर्च कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। जब जशपुर लाकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने उसकी शिनाख्त परेड कराई गई, तो पीड़ित ड्राइवर ने उसे तुरंत पहचान लिया।

कबूलनामा : रांची से ही हो रही थी ‘रेकी’ – पूछताछ में आरोपी पवन ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि गिरोह ने रांची के पंडरा इलाके में ही ट्रक की रेकी कर ली थी। उन्हें पता था कि ट्रक में मोटी रकम है। लुटेरों ने रांची से ही कार के जरिए ट्रक का पीछा शुरू कर दिया था और जशपुर के सूनसान इलाके में वारदात को अंजाम दिया।

  • बंटवारा: आरोपी ने बताया कि उसे हिस्से में 1.50 लाख रुपये मिले थे, जिसमें से 1.15 लाख उसने ऐश-ओ-आराम में उड़ा दिए। पुलिस ने उसके पास से शेष 29,000 रुपये बरामद कर लिए हैं।

पुलिस का अल्टीमेटम : अन्य आरोपी रडार पर – इस सफल कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी मोरध्वज देशमुख, निरीक्षक संतलाल आयाम और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि गिरोह के बाकी सदस्यों को चिन्हित कर लिया गया है और वे बहुत जल्द पुलिस की सलाखों के पीछे होंगे।

“अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, जशपुर पुलिस के हाथ अपराधी की गर्दन तक पहुंच ही जाते हैं। हमने एक आरोपी को जेल भेज दिया है, बाकी भी जल्द पकड़े जाएंगे।”

शशि मोहन सिंह, एसएसपी जशपुर

बड़ी खबर सबसे पहले। जशपुर पुलिस की मुस्तैदी को सलाम!

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!