जशपुर

उड़ीसा से सुरक्षित बरामद नाबालिग बालिका; दुलदुला पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक एवं उसके सहयोगी जीजा को किया गिरफ्तार…

जशपुर। जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर उड़ीसा ले जाने तथा उसके साथ गंभीर दुराचार करने के मामले में जशपुर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक एवं उसके सहयोगी विकास मिरी (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले से हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया, जहां विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह तथा विकास मिरी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

प्रकरण की पृष्ठभूमि : 19 सितंबर 2025 को दुलदुला थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बताया गया कि 17 सितंबर की सुबह घर से निकली बालिका दोपहर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन किए जाने के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तत्परता से BNS की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच प्रारम्भ की।

पुलिस की तकनीकी टीम एवं मुखबिर तंत्र के सहयोग से 20 सितंबर को ही, बालिका को उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

जाँच में सामने आए तथ्य : पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में बालिका ने बताया कि उसकी पहचान आरोपी किशोर से रामरेखा मेला के दौरान हुई थी और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रहती थी। बाद में विभिन्न अवसरों पर आरोपी द्वारा उसे विवाह का प्रलोभन देकर अनुचित कृत्यों के लिए बाध्य किया गया। इस अवधि में बालिका गर्भवती भी हुई, जिसके उपरांत उसे गर्भसमापन के लिए दवा देने की जानकारी भी सामने आई।

  • 17 सितंबर 2025 को आरोपी उसे अपने सहयोगी विकास मिरी के साथ उड़ीसा स्थित उसके घर ले गया, जहाँ बालिका को तीन दिनों तक रखा गया।
  • 20 सितंबर 2025 को जब आरोपी बालिका को कहीं और ले जाने की तैयारी में था, तभी जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। उस समय मुख्य आरोपी फरार हो गया था।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी : मामले में फरार आरोपियों की तलाश हेतु पुलिस निरंतर तकनीकी अनुसंधान एवं मुखबिरों की सहायता ले रही थी। प्राप्त जानकारी के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में टीम उड़ीसा के सुंदरगढ़ पहुँची। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को विधिवत हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के विरुद्ध निम्न धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है –

  • BNS की धारा 137(2), 81, 64(2)(5), 65(1), 89
  • POCSO Act की धारा 4, 6, 17

पुलिस टीम का योगदान : इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक सामुदान टोप्पो, अलेक्सियुस, तथा आनंद खलखो का उल्लेखनीय योगदान रहा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि –

“जशपुर पुलिस बच्चों और महिलाओं से संबंधित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेती है। इस मामले में भी समयबद्ध और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया तथा दोषियों को गिरफ्तार किया गया है। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर कोई शिथिलता नहीं बरती जाएगी।”

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!