राजनांदगांव

थाली में ‘मौत’ का निवाला : राजनांदगांव के डेंटल कॉलेज मेस में दाल में उबला मिला मेंढक, चावल में रेंग रही थीं इल्लियां…

राजनांदगांव। भविष्य के डॉक्टरों की सेहत के साथ राजनांदगांव के सुंदरा स्थित छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज में खिलवाड़ का एक खौफनाक मंजर सामने आया है। यहाँ मेस में परोसी गई मूंग की दाल में एक मरा हुआ मेंढक मिला है, जो दाल के साथ पूरी तरह पक चुका था। घटना 7 जनवरी की रात की है, जिसने न केवल कॉलेज प्रशासन बल्कि फूड एंड सेफ्टी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नज़ारा देख दहल गए छात्र – बुधवार रात जब छात्र डिनर करने मेस पहुँचे, तो एक छात्र की थाली में दाल के साथ मरा हुआ मेंढक निकला। शोर मचने पर जब बारीकी से जांच की गई, तो परोसे गए चावल में मरी हुई इल्लियां और कीड़े भी तैरते मिले। इस घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।

जांच में खुली पोल : एक्सपायरी अनाज से बन रहा था खाना – ​शिकायत के बाद जब फूड एवं सेफ्टी विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी, तो मेस की हकीकत और भी डरावनी निकली:

  • गंदगी का अंबार: किचन और मेस परिसर में साफ-सफाई का नामोनिशान नहीं था।
  • जहरीला राशन: मेस में भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
  • खराब अनाज: दाल और चावल जैसे बुनियादी राशन में कीड़े लगे पाए गए।

प्रशासन का रवैया : डीन ने झाड़ा पल्ला, विभाग ने थमाया नोटिस – इस संगीन मामले पर कॉलेज के डीन डॉ. एस.के. नंदा ने जांच की बात तो कही, लेकिन एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने की जानकारी से साफ इनकार कर दिया। वहीं, जिला खाद्य अधिकारी तरुण बिरला ने बताया कि मेस संचालक को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया है और खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं।

छात्रों की चेतावनी: “हम यहाँ डॉक्टर बनने आए हैं, लेकिन यहाँ का खाना हमें खुद मरीज बना देगा। मरा हुआ जीव मिलना और एक्सपायरी खाना परोसना सीधे तौर पर फूड पॉइजनिंग और जानलेवा बैक्टीरियल इन्फेक्शन को दावत देना है।”

सवाल जो जवाब मांगते हैं :

  • ​क्या नोटिस जारी करना ही काफी है? छात्रों की जान जोखिम में डालने वालों पर FIR क्यों नहीं?
  • ​भारी-भरकम फीस लेने वाले संस्थान छात्रों को ‘कीड़े और मेंढक’ वाला खाना क्यों परोस रहे हैं?
  • ​बाहरी राज्यों से आए छात्रों की सुरक्षा और सेहत की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!