गर्भवती बहन को भी नहीं बख्शा : ₹10,000 के कर्ज के लिए सगे भाई ने साथियों संग मिलकर जीजा और बहन को बेरहमी से पीटा…

रायगढ़। जिले घरघोड़ा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से सामने आया है। यहाँ घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बटुराकछार में महज ₹10,000 के उधारी विवाद को लेकर एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपनी ही 9 माह की गर्भवती बहन और जीजा पर जानलेवा हमला कर दिया।
क्या है पूरा मामला? – मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती महेत्तरीन बाई यादव का विवाह 11 वर्ष पूर्व महावीर यादव के साथ हुआ था। वर्तमान में यह परिवार बटुराकछार में मकान बनाकर रह रहा है। कुछ समय पूर्व महावीर ने अपने साले दिनेश यादव से घरेलू काम के लिए ₹10,000 उधार लिए थे।
शुक्रवार, 2 जनवरी की रात करीब 8:00 बजे जब महावीर काम के सिलसिले में नवापारा गए हुए थे, तब आरोपी भाई दिनेश यादव अपने साथी मान सिंह चौहान और होरी सिंह चौहान के साथ बहन के घर पहुँचा और उधारी के पैसों को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
गर्भवती महिला के पेट पर किया प्रहार : प्रार्थिया, जो कि 9 माह की गर्भवती है, ने बीच-बचाव करने और अपने पति को फोन कर बुलाने की बात कही। जैसे ही महावीर घर पहुँचे, तीनों आरोपियों ने उन पर मुक्कों से हमला कर दिया। जब गर्भवती बहन अपने पति को बचाने आई, तो सगे भाई दिनेश ने मानवता की सारी हदें पार करते हुए अपनी बहन के साथ भी मारपीट की, जिससे महिला के पेट और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिसिया कार्रवाई : देर रात वाहन की व्यवस्था न होने के कारण पीड़िता शनिवार को थाने पहुँच सकी। घरघोड़ा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
नोट : “एक तरफ जहाँ हम रिश्तों की दुहाई देते हैं, वहीं दूसरी ओर ₹10,000 की मामूली रकम के लिए एक गर्भवती बहन पर हमला करना समाज की गिरती मानसिकता को दर्शाता है।”




