रायगढ़

रायगढ़ : नए साल की पहली रात खूनी संघर्ष में बदली, बोईरदादर में पड़ोसियों के बीच जमकर चले डंडे और टांगी…

रायगढ़। साल 2026 का आगाज रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में शांति के साथ नहीं, बल्कि चीख-पुकार और खून-खराबे के साथ हुआ। कृष्णा वाटिका, बोईरदादर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी गुट आपस में भिड़ गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आधी रात को पुलिस को एक ही मामले में दो अलग-अलग एफ.आई.आर. (क्रॉस केस) दर्ज करनी पड़ी।

पुरानी दुश्मनी ने लिया हिंसक रूप – घटना गुरुवार, 1 जनवरी 2026 की रात करीब 9:00 बजे की है। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज से शुरू हुई बात लात-घूंसों, डंडों और घातक हथियारों तक जा पहुंची।

पहला पक्ष : “घर के बाहर घेरकर किया हमला” – प्रार्थी रोहित चौहान ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी पड़ोसी टोनी सिदार और मनुवा सिदार वहां आए और अश्लील गालियां देने लगे। जब रोहित के बेटों – कमल और विशु चौहान ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने लोहे की रॉड और टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। इस हमले में रोहित के हाथ और पीठ में चोट आई है, जबकि उनके बेटों के सिर फट गए हैं।

दूसरा पक्ष : “मना करने पर डंडों से पीटा” – वहीं, दूसरे पक्ष से टोनी सिदार ने भी काउंटर एफ.आई.आर. दर्ज कराई है।  टोनी का आरोप है कि कमल चौहान, विशु चौहान और सूरज श्रीवास्तव ने उसके घर के पास आकर गाली-गलौज की। जब उसने विरोध किया, तो तीनों ने उसे और उसके भाई मनबोध (मनुवा) सिदार को डंडों से जमकर पीटा। टोनी के सिर और हाथ में चोटें आई हैं, जबकि उसके भाई की कमर और हाथों में गंभीर चोट लगी है।

पुलिसिया कार्रवाई और धाराएं – चक्रधरनगर पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

दोनों मामलों की जांच हेड कांस्टेबल संजय तिवारी (सं. 513) को सौंपी गई है। नए साल के पहले ही दिन हुई इस हिंसक झड़प से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!