Breaking News

ईद-ए-मिलादुन्नबी पर घरघोड़ा में जुलूस-ए-मोहम्मदी, उमड़ा जनसैलाब – अमन और भाईचारे का संदेश…

घरघोड़ा। शुक्रवार को नगर घरघोड़ा में पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब ﷺ के जन्मदिन ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर नगर की गलियों और चौक-चौराहों पर एकता, भाईचारे और अमन का अनुपम नज़ारा देखने को मिला।

ईद-ए-मिलादुन्नबी इस्लामी चांद्र मास रबी-अल-अव्वल की 12वीं तारीख को मनाया जाता है। पर्व को लेकर घरघोड़ा की मस्जिदों, ईदगाह, कब्रिस्तान, प्रमुख चौक-चौराहों और गलियों को रंग-बिरंगी रोशनियों, आकर्षक बैनरों और खूबसूरत झांकियों से सजाया गया।

ऐतिहासिक जुलूस-ए-मोहम्मदी : मुस्लिम जमात घरघोड़ा की अगुवाई में जुलूस-ए-मोहम्मदी का भव्य आयोजन किया गया। मस्जिद से प्रारंभ हुआ यह जुलूस नगर के प्रमुख चौकों – हनुमान चौक, जय स्तंभ चौक, अंबेडकर चौक, दुर्गा मंदिर चौक और कारगिल चौक से होता हुआ ईदगाह रेस्ट हाउस के सामने संपन्न हुआ। जुलूस में हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। आकर्षक झांकियों, दुपहिया रैलियों और बच्चों की टोलियों ने नगरवासियों का मन मोह लिया।

जगह-जगह हुआ स्वागत, भाईचारे का संदेश : जुलूस मार्ग पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने जलपान व मिठाई वितरण कर भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर इमरान ख़ान, सलीम ख़ान, बेलाल ख़ान, नरेंद्र बारेगी, सोनू गुप्ता समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, मिष्ठान व जलपान की व्यवस्था की और फूल बरसाकर स्वागत किया।

सुरक्षा और व्यवस्था : पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। यातायात और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई। मुस्लिम जमात और कमेटी पदाधिकारियों ने भी प्रशासन को हर संभव सहयोग दिया।

दुआएं और संदेश : कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों और मौलानाओं को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इमाम साहब ने देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की।
ईद-ए-मिलादुन्नबी का यह पर्व पूरे नगर में अमन, एकता और इंसानियत का संदेश देकर ऐतिहासिक रूप से यादगार बन गया।

Ambika Sao

सह-संपादक छत्तीसगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!