कोरबा का तनेरा दहला : खेत से लौटते ग्रामीण को लोनर हाथी ने रौंदा, मौत के बाद गांव में दहशत…

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के पसान परिक्षेत्र के तनेरा ग्राम के गोरिल्ला डांड़ इलाके में रविवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना हुई। खेत से घर लौट रहे 45 वर्षीय धन सिंह गोंड़ की रास्ते में लोनर हाथी से मुठभेड़ हो गई। जान बचाने के लिए भागते धन सिंह को दंतैल ने सूंड से पकड़कर जमीन पर पटक दिया। ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब ढाई बजे धन सिंह जंगल से जलाऊ लकड़ी लेकर लौट रहे थे। तभी अचानक हाथी सामने आ गया। ग्रामीण ने दौड़ लगाई, लेकिन हाथी ने सूंड से दबोच लिया और मौत के घाट उतार दिया।
पसान रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि हमलावर हाथी को खदेड़ दिया गया है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी गई है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को नियमों के तहत 25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की है।
घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने हाथियों की बढ़ती आवाजाही और हमलों पर काबू पाने ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे गांव छोड़ने को मजबूर होंगे।
👉 अब सवाल उठता है कि आखिर कब तक इंसान और हाथी के बीच इस तरह की जानलेवा भिड़ंत जारी रहेगी? ग्रामीणों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?




