रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ : नशे के सौदागरों में हड़कंप, पान ठेलों पर दबिश देकर जब्त किया ‘गोगो’…

रायगढ़। होली के हुड़दंग से पहले रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ अपना सबसे बड़ा प्रहार ‘ऑपरेशन आघात’ शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े तेवर के बाद शनिवार को पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर से लेकर गांव तक के पान ठेलों और संदिग्ध अड्डों पर सर्जिकल स्ट्राइक की। इस कार्रवाई में 35 दुकानदारों को रंगे हाथों नशे की सामग्री बेचते पकड़ा गया, जिन पर भारी जुर्माना और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
रडार पर ‘गोगो’ और सूखा नशा : सूचना थी कि शहर के रईस इलाकों से लेकर गलियों तक के पान ठेलों में ‘गोगो’ (नशे के लिए इस्तेमाल होने वाला पेपर) और अन्य प्रतिबंधित नशीली सामग्री धड़ल्ले से बेची जा रही है। SSP के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कोतवाली, चक्रधरनगर, कोतरारोड, जूटमिल, पुसौर, तमनार और लैलूंगा में एक साथ छापेमारी की।
कहां-कहां गिरा पुलिस का डंडा? – पुलिस ने दबिश देकर न केवल सामग्री जब्त की, बल्कि संचालकों को थाने लाकर उनके खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा:
- कोतवाली: राजीव नगर, रामपुर, ढिमरापुर और चांदमारी में 6 पर कार्रवाई।
- चक्रधरनगर: मेडिकल कॉलेज और पंजरी प्लांट के पास 4 दुकानदार धराए।
- कोतरारोड: किरोड़ीमल नगर और भगवानपुर में 6 दुकानों पर 800-800 रुपये का जुर्माना।
- लैलूंगा व पुसौर: स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर अटल चौक और बाजार क्षेत्रों में तगड़ा जुर्माना वसूला गया।
- जूटमिल: सांगीतराई और कबीर चौक जैसे संवेदनशील इलाकों में 5 संचालकों पर गाज गिरी।
SSP शशि मोहन सिंह की सीधी चेतावनी :
“होली की आड़ में नशे का कारोबार करने वालों की जगह घर में नहीं, जेल में होगी। हमने जिले के चप्पे-चप्पे पर निगाहें टिका दी हैं। अभिभावकों से भी अपील है कि वे अपने बच्चों की संगत और गतिविधियों पर नजर रखें। नशे का सामान बेचने वाला कोई भी शख्स बख्शा नहीं जाएगा।”
जनता से अपील : रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान होली तक और भी उग्र होगा। यदि आपके आसपास कहीं भी अवैध शराब, गांजा या ‘गोगो’ जैसे नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं, तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या संबंधित थाना प्रभारी को सूचना दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
सावधान रहें, सुरक्षित रहें – रायगढ़ पुलिस आपके साथ है।




