बिलासपुर में गणेश पंडाल के पास डीजे विवाद में सनसनीखेज वारदात : नशेड़ी युवक ने सीने पर 5 बार चाकू घोंपकर 22 वर्षीय आकाश को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार…

बिलासपुर। गणेश चतुर्थी के उल्लास के बीच सकरी थाना क्षेत्र का ग्राम संबलपुरी सोमवार शाम खूनी संघर्ष से दहल उठा। राशन दुकान के सामने लगे गणेश पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि एक युवक ने दूसरे के सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से 5 जानलेवा वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया। खून से लथपथ युवक को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों बाद आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
- घटनास्थल : ग्राम संबलपुरी, राशन दुकान के सामने स्थित गणेश पंडाल (थाना सकरी)।
- मृतक : आकाश सूर्यवंशी (22 वर्ष), पिता अंशु सूर्यवंशी।
- आरोपी : अमन सूर्यवंशी (23 वर्ष), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी।
पंडाल के सामने सीने में उतार दिया चाकू – सोमवार शाम पंडाल के पास साउंड सिस्टम (DJ) बजाने की बात को लेकर आकाश और अमन के बीच कहासुनी शुरू हुई। जुबानी जंग देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी अमन सुबह से ही हथियार लेकर इलाके में घूम रहा था। विवाद चरम पर पहुंचते ही उसने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और आकाश के सीने पर 4 से 5 बार दनादन वार कर दिए।
वार इतने गहरे थे कि आकाश वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़ा और पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं व ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
नशा मुक्ति केंद्र से लौटकर की हत्या – सीएसपी (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मुताबिक, आरोपी अमन सूर्यवंशी गंभीर रूप से नशे का आदी है। वारदात के समय भी वह नशे के प्रभाव में था। परिजनों ने उसकी लत छुड़ाने के लिए उसे दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में रखा था और वह कई बार वहां जा चुका था, लेकिन बाहर आते ही उसने फिर नशा शुरू कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




