सरगुजा में सनसनी : लापता नाबालिक 12वीं की छात्रा का कुएं में मिला शव; खेत में घसीटने के निशान, संदेही के पास मिली स्कूटी…

सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुर गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रविवार शाम से लापता लेक्चरर की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी का शव मंगलवार को गांव के ही एक कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटनास्थल पर मिले साक्ष्य किसी भयानक वारदात की ओर इशारा कर रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी फैल गई है।
खेत में घसीटने के निशान, कपड़े भी गायब – पहाड़पारा स्थित एक निजी कुएं में जब ग्रामीणों ने शव उतराता देखा, तब मामले का खुलासा हुआ। मृतका की पहचान कपड़ों के आधार पर परिजनों ने की। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी रितेश चौधरी, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे।
फॉरेंसिक जांच में कुएं से करीब 65 फीट दूर छात्रा की चप्पलें बरामद हुईं। चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल के पास खेतों में किसी को घसीटे जाने के गहरे निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि छात्रा को पैरों से पकड़कर जबरन घसीटते हुए कुएं तक ले जाया गया। इसके अलावा छात्रा के स्लैक्स (निचले वस्त्र) भी गायब मिले हैं, जिसने हत्या और गंभीर अपराध की आशंका को और गहरा कर दिया है।
संदेही प्रेमी हिरासत में, मृतका की स्कूटी बरामद – पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसके साथ छात्रा का प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई है। मृतका की स्कूटी भी इसी संदेही युवक के कब्जे से जब्त की गई है। पूछताछ में युवक ने दावा किया है कि वह छात्रा से मांगकर स्कूटी ले गया था, हालांकि पुलिस उसके बयानों की बारीकी से तस्दीक कर रही है।
परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश – मृतका के पिता लेक्चरर हैं और पहाड़पारा में उनका नया मकान बन रहा था, जहां जाने के लिए छात्रा रविवार शाम घर से निकली थी।
- रज्जू राम (सरपंच, मानपुर) : “छात्रा की नृशंस हत्या की गई है। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करे।”
- रितेश चौधरी (एडिशनल एसपी, सरगुजा) : “छात्रा का शव कुएं से बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और किसी अन्य अप्रिय वारदात की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।




