जशपुर

जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई : ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत 14 गोवंश सुरक्षित बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार…

जशपुर। जिले में गोवंश के अवैध परिवहन एवं तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के अंतर्गत सिटी कोतवाली पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए 14 गोवंशों को सुरक्षित बरामद किया है। इस दौरान पुलिस टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है, जबकि घने जंगल की आड़ लेकर भागे दो अन्य संदिग्धों की गहन तलाश की जा रही है।

घटना का विवरण : दिनांक 6 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 1:00 बजे थाना सिटी कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति बोरोकोना के जंगलों के रास्ते मवेशियों को अमानवीय रूप से मारते-पीटते हुए पैदल हांक कर झारखंड राज्य की सीमा की ओर ले जा रहे हैं।

​सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली से एक विशेष टीम का गठन कर ग्राम खरसोता की ओर रवाना किया गया। पुलिस टीम जब खरसोता पुलिया के समीप पहुंची, तब कुछ संदिग्ध व्यक्ति कई गोवंशों को तेजी से पैदल हांकते दिखाई दिए।

घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया : पुलिस बल को अपनी ओर आता देख संदिग्ध व्यक्ति मवेशियों को मौके पर ही छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और पीछा कर एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया। वहीं उसके दो साथी घने पेड़ों और झाड़ियों की आड़ लेकर भागने में सफल रहे।

​पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम प्रेम सुधार राम (उम्र 28 वर्ष), निवासी ग्राम डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) बताया। पुलिस ने मौके से सभी 14 नग गोवंशों को अपने संरक्षण में ले लिया।

विधिक कार्रवाई एवं स्वास्थ्य परीक्षण : बरामद किए गए सभी 14 गोवंशों का तत्काल पशु चिकित्सक की देखरेख में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिससे मवेशियों की स्थिति सामान्य पाई गई।

​आरोपी प्रेम सुधार राम के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के उपरांत उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल फरार अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम : गोवंश की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, उपनिरीक्षक संजीव कायता, प्रधान आरक्षक संजीत, सविता तथा आरक्षक राम प्रताप यादव की सक्रिय एवं कर्तव्यनिष्ठ भूमिका रही।

​डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में गोवंश तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन शंखनाद’ निरंतर जारी है। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!