स्कूल में खूनी खेल : लंच ब्रेक में दीवार फांदकर घुसे बाहरी लड़के, 9वीं के छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला; 3 नाबालिग दबोचे गए, अन्य की तलाश जारी…

रायगढ़। शहर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चक्रधरनगर में सोमवार दोपहर उस वक्त दहशत फैल गई, जब लंच ब्रेक के दौरान 6 से 7 बाहरी लड़के दीवार फांदकर स्कूल परिसर में दाखिल हुए और 9वीं कक्षा के एक 16 वर्षीय छात्र पर चाकू जैसे धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में छात्र के कमर के निचले हिस्से में गंभीर चोट आई है। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने हमलावर लड़कों की पहचान की और घेराबंदी कर देर शाम तक तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम – पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए तीनों नाबालिगों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल छात्र और आरोपियों के बीच पहले से जान-पहचान व दोस्ती थी, लेकिन किसी पुरानी बात को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से स्कूल के अंदर घुसकर छात्र को कक्षा से बाहर बुलाया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
अस्पताल में भर्ती, अन्य आरोपियों की तलाश जारी – हमले में घायल छात्र को तुरंत जिला अस्पताल रायगढ़ ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल सामान्य है। स्कूल प्राचार्य की लिखित शिकायत पर चक्रधरनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस वारदात में शामिल अन्य फरार नाबालिग आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।




