शासकीय योजना में बड़ा ‘खेल’! छात्राओं को थमाई अमानक साइकिलें, प्राचार्य व दोषियों पर FIR की मांग…

लैलूंगा (रायगढ़)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘सरस्वती साइकिल योजना’ में बड़ी लापरवाही और अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, राजपुर में छात्राओं को बांटी गई साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। शिकायतकर्ता रवि भगत ने थाना प्रभारी लैलूंगा को लिखित शिकायत देकर स्कूल के प्राचार्य एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों/व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है।
बिल-वारंटी नदारद, गुणवत्ता पर उठे सवाल – थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, राजपुर स्कूल में बांटी गई साइकिलें पूरी तरह अमानक और गुणवत्ताहीन हैं। आरोप है कि:
- गुणवत्ता से समझौता: साइकिलें शासन द्वारा निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतरती हैं।
- दस्तावेजों में झोल: वितरण के दौरान छात्राओं को साइकिल का न तो मूल बिल (Original Bill) दिया गया और न ही वारंटी कार्ड या अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
वित्तीय गड़बड़ी और सुरक्षा से खिलवाड़ का आरोप – शिकायतकर्ता ने इसे सीधे तौर पर छात्राओं के भविष्य और उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है। आवेदन में कहा गया है कि यह न केवल छात्राओं के अधिकारों का हनन है, बल्कि सरकारी योजना में भारी वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितता (घोटाला) का भी मामला है।

FIR की मांग से हड़कंप – दिनांक 27.07.2026 को थाने में सौंपे गए पत्र में थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच कर प्राचार्य एवं इस पूरे मामले में शामिल अन्य दोषियों पर अविलंब प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत मिलने के बाद अब पुलिस और शिक्षा विभाग के महकमे में हड़कंप मच गया है।
बड़ा सवाल : क्या शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को चूना लगाने वाले जिम्मेदारों पर पुलिस ठोस कार्रवाई करेगी, या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?




