रायगढ़ वकील हत्याकांड : आखिरी व्हाट्सएप्प स्टेटस… बदली हुई आवाज़ और निर्वस्त्र लाश; अधिवक्ता आराधना की मौत के पीछे का ‘डिजिटल जाल’!… जाने पूरा मामला…

भाग 3
रायगढ़ (पूंजीपथरा): छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। पूँजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह जंगल में मिली एक अज्ञात युवती की निर्वस्त्र लाश की गुत्थी अब बेहद उलझ और खौफनाक हो चुकी है। मृतका की शिनाख्त रायगढ़ की अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई है। इस ‘अंधे कत्ल’ ने न सिर्फ पूरे कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है, बल्कि वकीलों और आम जनता में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
हत्या की इस खौफनाक मिस्ट्री में अब एक ऐसा डिजिटल और साज़िशी मोड़ आया है, जिसने पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है।
बहन का सनसनीखेज खुलासा: ‘मर्डर के दिन किसी और लड़की ने बदली हुई आवाज़ में बात की’
इस अंधी हत्या की तफ्तीश के बीच मृतका आराधना की बहन ने एक ऐसा चौंकाने वाला बयान दिया है जिसने मामले की पूरी दिशा बदल दी है। बहन के मुताबिक, घटना वाले दिन जब आराधना के मोबाइल पर कॉल किया गया, तो फोन किसी अनजान लड़की ने उठाया। वह अनजान युवती, आराधना की आवाज की नकल (आवाज बदलकर) करके बात करने की कोशिश कर रही थी।
यह खुलासा इस बात की तरफ साफ इशारा करता है कि यह महज़ एक हत्या नहीं, बल्कि इसके पीछे एक गहरी और सोची-समझी साजिश है। हत्यारे न सिर्फ आराधना की जान के प्यासे थे, बल्कि वारदात को छुपाने और सबूतों को मिटाने के लिए बकायदा ‘डिजिटल और वॉयस फ्रॉड’ का सहारा ले रहे थे।
सोशल मीडिया स्टेटस भी शक के घेरे में? – इस बीच मृतका के सोशल मीडिया अकाउंट से कथित तौर पर शेयर किए गए कुछ स्टेटस भी सामने आए हैं, जिसमें बिना मर्जी के शादी करने और परिवार से माफी मांगने की बातें लिखी गई थीं। अब पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या ये स्टेटस खुद आराधना ने डर के साए में लिखे थे, या फिर उसकी हत्या करने के बाद कातिलों ने पुलिस को गुमराह करने और मामले को ‘प्रेम-प्रसंग या खुदकुशी’ का रूप देने के लिए खुद पोस्ट किए थे।

आक्रोशित वकीलों का पैदल मार्च, SSP को घेरा – एक साथी अधिवक्ता की इस बर्बर हत्या के बाद अधिवक्ता संघ का गुस्सा फूट पड़ा है। वकीलों ने पुलिसिया कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए शहर में एक विशाल पैदल मार्च निकाला। आक्रोशित अधिवक्ताओं का हुजूम सीधे एसएसपी (SSP) शशि मोहन सिंह के दफ्तर पहुंचा और उन्हें एक सख्त ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ता संघ ने साफ लहजे में अल्टीमेटम दिया है कि अगर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई और इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस का दावा – ‘जल्द सुलझेगी मिस्ट्री’ – दूसरी ओर, चौतरफा दबाव के बीच एसएसपी शशि मोहन सिंह और उनकी टीम लगातार इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने का दावा कर रही है। पुलिस मृतका के कॉल डिटेल्स (CDR), सोशल मीडिया एक्टिविटी और तुमीडीह जंगल के आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बड़ा सवाल : आखिर वो अनजान लड़की कौन थी जिसने आराधना का फोन उठाया? क्या हत्यारा कोई बेहद करीबी है जो आराधना की हर हरकत से वाकिफ था? इन सवालों के जवाब मिलने के बाद ही इस रोंगटे खड़े कर देने वाले ‘अंधे कत्ल’ का सच सामने आ पाएगा।
ताजा अपडेट्स के लिए बने रहें।
पूर्व में प्रकाशित खबर…




