जशपुर में छिपा था नाबालिग का सौदागर: 17 साल की लड़की को 20 हजार में बेचने वाला मानव तस्कर 4 साल बाद गिरफ्तार…

रायगढ़। कानून के हाथ कितने लंबे होते हैं, रायगढ़ पुलिस ने इसे एक बार फिर साबित कर दिया है। पिछले चार सालों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे एक शातिर मानव तस्कर को धरमजयगढ़ पुलिस ने जशपुर से धर दबोचा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के खूंखार और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। गिरफ्तार आरोपी, 17 वर्षीय मासूम को चंद रुपयों की खातिर राजस्थान में बेचने की घिनौनी साजिश का अहम हिस्सा था।
क्या था पूरा मामला? – लालच और दरिंदगी की यह कहानी 23 जून 2022 को शुरू हुई थी। धरमजयगढ़ क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग अचानक लापता हो गई। परिजनों की आशंका पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश तेज की। इसी बीच, मध्यप्रदेश के अनूपपुर में RPF (रेलवे सुरक्षा बल) ने चेकिंग के दौरान ट्रेन से दो संदिग्धों – हीरालाल चौहान और देवलाल तिग्गा के चंगुल से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में जो सच सामने आया, वह रोंगटे खड़े करने वाला था। इन आरोपियों ने अपने अन्य साथियों रामपाल यादव और रामा चौहान के साथ मिलकर एक खौफनाक जाल बुना था। नाबालिग को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाया जा रहा था, जहां महज 20,000 रुपये के लिए शादी के नाम पर उसका सौदा तय कर दिया गया था। मामले में मानव तस्करी सहित भा.द.वि. की गंभीर धाराएं (343, 365, 370, 370(ए), 120(बी)) जोड़ी गई थीं।
चार साल की फरारी और जशपुर में पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक –
इस रैकेट में शामिल तीन आरोपियों (हीरालाल, देवलाल और रामपाल) को पुलिस ने 2022 में ही सलाखों के पीछे धकेल दिया था। लेकिन शातिर रामा चौहान लगातार चकमा देकर फरार था। न्यायालय में उसके खिलाफ गिरफ्तारी शेष अभियोग पत्र भी पेश किया जा चुका था।
इसी बीच ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत सक्रिय किए गए मुखबिर तंत्र ने सुराग दिया कि रामा चौहान जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव जोराडोल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े की टीम ने बिना वक्त गंवाए जशपुर में दबिश दी और आरोपी को उसके बिल से निकालकर गिरफ्तार कर लिया।
अपराधियों के लिए काल बना “ऑपरेशन क्लीन हंट” – इस बड़ी सफलता पर रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है –
“मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पाताल में छिपे अपराधियों को भी खींचकर कानून के कठघरे में लाया जा रहा है। रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधों के विरुद्ध पूरी कठोरता से कार्रवाई जारी रखेगी।”
गिरफ्तार आरोपी :
- नाम : रामा चौहान (35 वर्ष) पिता शिवनंदन चौहान।
- निवासी : ग्राम जोराडोल, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)।
इस पूरी कार्रवाई में एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन व एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, महिला आरक्षक सोनम भगत और आरक्षक अलेक्सियुस एक्का की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




