खूनी हुआ ‘प्रेम विवाह’ का रंजिश : जन्मदिन की खुशियाँ मातम में बदली, साले और भाभी ने मिलकर जीजा को उतारा मौत के घाट…

जशपुर। जिले के चौकी कोतबा क्षेत्र से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। अपने ही जीजा की लात-घूंसों और डंडे से बेरहमी से पिटाई करने वाले साले और उसके बड़े भाई की पत्नी (भाभी) को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मिठाई बाँटने गई थी पत्नी, पीछे से हो गया कांड : घटना 30 मार्च 2026 की है। ग्राम फरसाटोली निवासी मुरली राम यादव (40 वर्ष) के घर में उसके बेटे का जन्मदिन मनाया जा रहा था। केक काटने के बाद खुशियाँ बाँटने के लिए मुरली की पत्नी अपने बेटे के साथ मायके मिठाई देने गई थी। रात करीब 11 बजे नशे की हालत में मुरली भी अपने ससुराल पहुँच गया।
चूंकि मुरली और सोनिया का प्रेम विवाह (Love Marriage) हुआ था, इस बात को लेकर ससुराल पक्ष से लंबे समय से तनातनी चल रही थी। उसी रात पुरानी रंजिश की आग फिर भड़क उठी।
सीने पर चढ़कर वार, डंडे से अधमरा किया : विवाद इतना बढ़ा कि मुरली के छोटे साले शिवकुमार यादव और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव ने आपा खो दिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर मुरली को जमीन पर पटक दिया। शिवकुमार उसके सीने और पेट पर चढ़कर लात-घूंसों से प्रहार करता रहा, वहीं मिथिला यादव ने डंडे से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। बीच-बचाव के बाद मुरली किसी तरह अपने घर पहुँचा, लेकिन अंदरूनी चोटें जानलेवा साबित हुईं।
इलाज के दौरान ओडिशा में थमीं सांसें : अगले दिन तबीयत बिगड़ने पर मुरली को CHC कोतबा ले जाया गया, जहाँ से उसे सुंदरगढ़ (ओडिशा) मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। 5 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद 4 अप्रैल 2026 को मुरली ने दम तोड़ दिया।
पुलिसिया कार्रवाई : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सीने में आई गंभीर चोट और ‘हत्यात्मक’ (Homicidal) पाया गया। इसके बाद कोतबा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया।
सलाखों के पीछे पहुँचे आरोपी : थाना प्रभारी अशोक कुमार शर्मा और चौकी प्रभारी बृजेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है। शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मुख्य बिंदु :
- मृतक : मुरली राम यादव (40 वर्ष)
- आरोपी : शिवकुमार यादव (साला) और मिथिला यादव (भाभी)
- वजह : प्रेम विवाह को लेकर पुरानी रंजिश और तात्कालिक विवाद।
- पुलिस टीम : निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, उप निरीक्षक बृजेश यादव व अन्य।




