तमनार कांड : महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी और वीडियो मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन; दो और गिरफ्तार, अब तक 9 पहुंचे जेल…

रायगढ़। महिलाओं की अस्मिता और खाकी के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का ‘हथौड़ा’ पूरी ताकत से चल रहा है। तमनार के लिबरा क्षेत्र में महिला आरक्षक के साथ हुई अमानवीयता और लूटपाट के मामले में पुलिस ने दो और मास्टरमाइंड्स को दबोच लिया है। ये वे आरोपी हैं जिन्होंने न केवल वारदात का वीडियो बनाया, बल्कि उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर पीड़िता की गरिमा को ठेस पहुँचाई।
वीडियो बनाने वाला और वायरल करने वाला ‘नेटवर्क’ ध्वस्त – एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों पर चल रही जांच में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो नए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है :
- संजय मेहर (26 वर्ष) : इसने वारदात के दौरान अपने मोबाइल से वीडियो शूट किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
- माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी (40 वर्ष) : पेशे से टीवी मैकेनिक इस आरोपी ने प्राप्त वीडियो को विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में फैलाकर सनसनी मचाई थी।
पुलिस ने इन दोनों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।
अब तक की बड़ी कार्रवाई : एक नजर में – तमनार के सीएचपी चौक पर 27 दिसंबर 2025 को हुई उस हिंसक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था, जहां प्रदर्शन की आड़ में उग्र भीड़ ने महिला पुलिसकर्मी को निशाना बनाया था।
- कुल गिरफ्तारियां : अब तक 09 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
- धाराएं : भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के साथ-साथ IT एक्ट की धारा 67(A) के तहत मामला दर्ज।
- पिछली गिरफ्तारियां : मंगल राठिया, चिनेश खमारी, प्रेमसिंह, कीर्ति श्रीवास, वनमाली, कन्हैया और चित्रसेन पहले ही सलाखों के पीछे हैं।
“अस्मिता से खिलवाड़ किया तो खैर नहीं” – SSP : इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा :
”महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्दी पर हाथ डालने वाले और महिला अस्मिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक हर एक दोषी जेल के अंदर न हो।”
निष्पक्ष जांच और न्यायिक रिमांड : घटना के बाद से ही डीएसपी सुशांतो बनर्जी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) वायरल वीडियो और गवाहों के बयानों की कड़ियां जोड़ रहा था। पकड़े गए दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
तमनार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के असमाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
पूर्व में प्रकाशित खबर :




