कोरिया

गुरु की गरिमा कलंकित : खेल शिक्षक ने छात्रा से किया दुष्कर्म का प्रयास, होटल मैनेजर भी बना मददगार…

कोरिया । जिले से मानवता और शिक्षा जगत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में एक सरकारी स्कूल के खेल शिक्षक (PTI) ने अपनी ही छात्रा को खेल प्रतियोगिता का झांसा देकर हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अपराध में होटल के मैनेजर ने भी छात्रा की मदद करने के बजाय आरोपी का साथ दिया।

प्रतियोगिता का झांसा देकर होटल ले गया ‘दरिंदा’ – मिली जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के एक शासकीय स्कूल में पदस्थ शारीरिक शिक्षक सुखदेव सिंह ने स्कूल की एक छात्रा को खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल करवाने और आगे बढ़ाने का सपना दिखाया। इसी बहाने वह छात्रा को बहला-फुसलाकर एक निजी होटल ले गया। वहां आरोपी शिक्षक ने अपनी मर्यादा भूलकर छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास किया।

मैनेजर की संवेदनहीनता : गुहार के बाद भी नहीं पसीजा दिल – पीड़िता ने जब आरोपी शिक्षक का कड़ा विरोध किया और उसके चंगुल से छूटकर भागते हुए होटल के रिसेप्शन पर पहुंची, तो वहां मौजूद मैनेजर अशोक वाधवानी से मदद की भीख मांगी। लेकिन आरोप है कि मैनेजर ने डरी-सहमी छात्रा की मदद करने के बजाय उसे अनसुना कर दिया और मामले को दबाने की कोशिश की।

पुलिस की कार्रवाई : सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी – छात्रा ने किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों के साथ बैकुंठपुर थाने पहुंचकर छात्रा ने आपबीती दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आई।

  • आरोपी शिक्षक : सुखदेव सिंह (गिरफ्तार)
  • आरोपी मैनेजर : अशोक वाधवानी (गिरफ्तार)
  • अपराध : दुष्कर्म का प्रयास, छेड़छाड़ और साक्ष्य छुपाने/मदद करने की संबंधित धाराएं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी शिक्षक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पालकों और छात्रों में भारी आक्रोश : इस घटना के सामने आने के बाद जिले के अभिभावकों और विद्यार्थियों में भारी गुस्सा है। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि आरोपी शिक्षक को तत्काल बर्खास्त किया जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई शिक्षक ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!