नकली RTO अधिकारी बनकर लूट करने वाला ‘शातिर’ गिरफ्तार : सरगुजा पुलिस ने 24 घंटे में उतारा बुलेट सवार का नशा…

अंबिकापुर। खाकी का खौफ दिखाकर और खुद को RTO अधिकारी बताकर राहगीरों से वसूली व लूटपाट करने वाले एक आदतन अपराधी को गांधीनगर पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के कड़े रुख के बाद, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर दबोच लिया।
वारदात : बीच सड़क पर दी धमकी, फिर उड़ाए ₹20,000 – घटना 11 मार्च की शाम की है, जब बलरामपुर निवासी संदीप लकड़ा अपने ससुर के साथ अस्पताल से लौट रहे थे। राज पोल्ट्री फार्म के पास काले रंग की बुलेट पर सवार शहजोर अली ने उनका रास्ता रोका। खुद को RTO अधिकारी ‘शहजोर अली’ बताते हुए उसने पीड़ित को डराया-धमकाया और गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की। आरोपी ने जबरन संदीप के पर्स और जेब से कुल 20,000 रुपये लूट लिए और धमकी देते हुए फरार हो गया।
जांच में खुला फर्जीवाड़े का खेल – जब पीड़ित ने आरटीओ ऑफिस जाकर तस्दीक की, तो पता चला कि उस नाम का कोई अधिकारी वहां है ही नहीं। ठगी और लूट का अहसास होने पर पीड़ित ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सरगुजा ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस की स्ट्राइक : आरोपी के पास से बुलेट जब्त – निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर शहजोर अली (24 वर्ष), निवासी सतीपारा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से:
- घटना में प्रयुक्त काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल।
- लूट की नगद राशि जप्त की है।
“अपराध का पुराना इतिहास”
जांच में सामने आया कि आरोपी शहजोर अली एक आदतन अपराधी है। इसके विरुद्ध थाना कोतवाली में भी लूट (अपराध क्रमांक 118/26) का मामला दर्ज है, जहां उसने संजय पार्क के सामने एक व्यक्ति से ₹1130 लूटे थे।
इन जांबाजों की रही मुख्य भूमिका : इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर प्रवीण कुमार द्विवेदी, एएसआई ललन गुप्ता, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मण्डल, मोतीलाल केरकेट्टा और घनश्याम देवांगन की विशेष भूमिका रही। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।




