रायगढ़

तमनार : निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के गड्ढे में गिरने से सरपंच की मौत, ठेका कंपनी पर लापरवाही के आरोप…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तमनार थाना क्षेत्र के ढोलनारा गांव के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से ग्राम रेगांव के सरपंच जेगराम भगत की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

कैसे हुआ हादसा? – ​मिली जानकारी के अनुसार, रेगांव के सरपंच जेगराम भगत रविवार को अपने एक रिश्तेदार के घर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात में कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।

​रात का अंधेरा होने और ढोलनारा के पास चल रहे निर्माण कार्य की स्पष्ट जानकारी न होने के कारण, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे ओवरब्रिज के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरी। बताया जा रहा है कि चोट इतनी गंभीर थी कि सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह हुई घटना की जानकारी – हादसा रविवार रात का है, लेकिन अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण किसी को इसकी भनक नहीं लगी। सरपंच रात भर उसी गड्ढे में पड़े रहे। सोमवार सुबह जब ग्रामीण वहां से गुजरे, तब उन्होंने बाइक और शव को देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल तमनार पुलिस को सूचना दी गई।

ठेका कंपनी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा : इस घटना ने स्थानीय ग्रामीणों को आक्रोशित कर दिया है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि रेलवे की ठेका कंपनी ने सुरक्षा मानकों को पूरी तरह ताक पर रख दिया है।

  • कोई संकेतक नहीं : ग्रामीणों के अनुसार, निर्माणाधीन स्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड (Caution Board) लगाया गया था और न ही रेडियम टेप या लाइट की व्यवस्था थी।
  • डायवर्सन का अभाव : सड़क पर कोई स्पष्ट डायवर्सन नहीं दिया गया था, जिससे रात के वक्त वाहन चालकों को गड्ढे का अंदाजा नहीं मिल पाया।

यह पूरी तरह से हत्या का मामला है। अगर ठेका कंपनी ने वहां घेराबंदी की होती या चेतावनी बोर्ड लगाया होता, तो आज सरपंच हमारे बीच होते।” – स्थानीय ग्रामीण

पुलिस की कार्रवाई : ​सूचना मिलते ही तमनार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को गड्ढे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा संबंधी खामियों की भी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!