अंबिकापुर : वन माफियाओं के हौसले पस्त, राजस्व भूमि पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ कर विभाग ने पकड़ी लकड़ी की बड़ी खेप…

अंबिकापुर (सरगुजा): जिले में वन संपदा पर नजर गड़ाए बैठे माफियाओं के खिलाफ वन विभाग ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। राजस्व वनभूमि कौवाडांड रोपरवार क्षेत्र में चल रहे अवैध लकड़ी के काले खेल का भंडाफोड़ करते हुए विभाग ने तस्करी में प्रयुक्त भारी वाहनों सहित लाखों की नीलगिरी लकड़ी जब्त की है।
आधी रात को ‘रेड’, मौके पर अफरा-तफरी – वन विभाग को सटीक सूचना मिली थी कि कौवाडांड क्षेत्र में सरकारी जमीन से बेशकीमती नीलगिरी के पेड़ों को काटकर ठिकाने लगाने की तैयारी चल रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वन अमले ने तत्काल घेराबंदी की। मौके पर पहुँचते ही विभाग ने देखा कि लकड़ी की लोडिंग का काम युद्धस्तर पर जारी था।
हाइडरा और ट्रक जब्त, आरोपी गिरफ्तार : कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने राजेश यादव को रंगे हाथों धर दबोचा। वन विभाग की टीम ने मौके से निम्नलिखित वाहनों को जब्त किया है:
- ट्रक: क्रमांक CG 15 DE 9088 (अवैध लकड़ी से लदा हुआ)
- हाइडरा मशीन : क्रमांक OD 15 L 6728 (पेड़ लोड करने के लिए प्रयुक्त)
अधिकारियों का नेतृत्व और सख्त रुख : यह पूरी कार्रवाई वन मंडल अधिकारी (DFO) अंबिकापुर के निर्देशन और SDO सपना मुखर्जी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मौके पर रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे और वनपाल प्रकाश राम मौरा सहित पूरी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
“वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध कटाई और परिवहन पर हमारी पैनी नजर है और यह कार्रवाई माफियाओं के लिए एक सख्त चेतावनी है।”
वन विभाग, सरगुजा मंडल
बड़ी बात: विभाग अब इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई (POR) दर्ज कर आगे की जांच कर रहा है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं।




