भतीजी ही निकली आस्तीन का सांप : बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने ही घर में डाली डकैती!…

जशपुर। जशपुर पुलिस ने एक ऐसी चोरी का खुलासा किया है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। एक कलयुगी भतीजी ने अपने बॉयफ्रेंड और दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही बड़े पिताजी के घर में सेंधमारी की और लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अब तक इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
आईफोन के मोह और अय्याशी ने बनाया अपराधी – नारायणपुर थाना क्षेत्र के केराडीह (रैनीडांड) में हुई इस बड़ी चोरी की मास्टरमाइंड मिनल निकुंज निकली। मिनल जशपुर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी, जहां सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात अनिल प्रधान से हुई। दोनों लिव-इन में रहने लगे। विलासिता और आईफोन खरीदने की चाहत में मिनल ने अपने ही पुश्तैनी घर को निशाना बनाया।
किस्त दर किस्त साफ किए तिजोरी से पैसे : चोरी की वारदात किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है:
- पहली बार: सफाई के बहाने घर गई और दीवान से 2 लाख रुपये पार कर दिए।
- दूसरी बार: दादी की नजरें बचाकर चाबी चुराई और 3 लाख रुपये उड़ा लिए।
- तीसरी बार (फाइनल स्ट्राइक): जब घर वालों का ध्यान नहीं गया, तो उसने अपने बॉयफ्रेंड और 6 साथियों के साथ मिलकर पूरा सूटकेस ही गायब कर दिया, जिसमें 15 लाख नगद और सोने के बिस्किट थे।
चोरी के पैसों से रायपुर के विला में पार्टी और ‘हैरियर’ कार की सवारी – चोरी के अगले ही दिन मिनल का जन्मदिन था। आरोपियों ने रायपुर के एक आलीशान विला में 5 लाख रुपये फूंक कर जश्न मनाया। इतना ही नहीं, चोरी की रकम से आरोपियों ने 25 लाख रुपये की चमचमाती टाटा हैरियर कार भी खरीदी। पुलिस ने जब दबिश दी, तो ये आरोपी रांची के एक होटल में छिपे हुए थे।
पुलिस की बड़ी कामयाबी : 51 लाख से अधिक का माल बरामद – जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया। अब तक जप्त किए गए सामान की सूची चौंकाने वाली है:
- नगद: 86,300 रुपये।
- वाहन: एक टाटा हैरियर कार (कीमत लगभग 25 लाख)।
- सोना: 100 ग्राम, 50 ग्राम और 20 ग्राम के सोने के बिस्किट, सोने का कड़ा और मंगलसूत्र।
- इलेक्ट्रॉनिक्स: 1 आईफोन और 4 एंड्रॉयड फोन।
- कुल रिकवरी: ₹51,82,300 (इक्यावन लाख बयासी हजार तीन सौ रुपये)।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम :
- मिनल निकुंज (भतीजी/मास्टरमाइंड)
- अनिल प्रधान (बॉयफ्रेंड)
- अभिषेक इंद्रवार
- लंकेश्वर बड़ाईक (गुमला, झारखंड)
- अलीशा भगत
एसएसपी जशपुर ने कहा: “हमने पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है और वे जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। रिश्तों के साथ गद्दारी करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”





One Comment