बड़ी खबर : मंत्री टंकराम वर्मा के निजी स्थापना में बड़ी सर्जरी, निज सहायक दुर्गेश धारे की संविदा सेवा तत्काल समाप्त…

नवा रायपुर | छत्तीसगढ़ सरकार के कद्दावर मंत्री टंकराम वर्मा के निजी स्टाफ में शनिवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने एक कड़ा आदेश जारी करते हुए मंत्री के निज सहायक (PA) दुर्गेश धारे को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है।
अचानक हुई कार्रवाई से हड़कंप – सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव मनराखन भुआर्य के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश ने मंत्रालय गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं। आदेश के मुताबिक, दुर्गेश धारे की संविदा सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
नियमों का हवाला, ‘को-टर्मिनस’ आधार पर गिरी गाज – जारी सरकारी आदेश (क्रमांक ESTB-102(1)/7/2024-GAD-8) में स्पष्ट उल्लेख है कि:
- यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 की कंडिका 4(5) एवं 5(चार) के तहत की गई है।
- दुर्गेश धारे की नियुक्ति ‘को-टर्मिनस’ (मंत्री के कार्यकाल या विवेकाधीन आधार) पर थी।
- शासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के उनकी सेवाओं को शून्य घोषित कर दिया है।
क्या है इस कार्रवाई के मायने? – राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास और उच्च शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे मंत्री टंकराम वर्मा के करीबी स्टाफ पर हुई इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ को लेकर प्रशासनिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। आमतौर पर इस तरह की त्वरित बर्खास्तगी किसी गंभीर प्रशासनिक कारण या ‘ऊपर’ से मिले कड़े निर्देशों के बाद ही की जाती है।
इस आदेश की प्रतिलिपि राजभवन, मुख्यमंत्री सचिवालय, और संबंधित विभागों को भी भेज दी गई है ताकि आदेश का क्रियान्वयन तत्काल सुनिश्चित किया जा सके।




