सड़क सुरक्षा के लिए ‘रफ़्तार’ पर जशपुर प्रशासन का पहरा : हेलमेट पहनकर सड़कों पर उतरे कलेक्टर और SSP…

जशपुर | 02 जनवरी 2026 जशपुर की सड़कों पर आज एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब जिले के दो सर्वोच्च अधिकारी—कलेक्ट्रेट और पुलिस कप्तान—स्वयं मोटर सायकल संभालते हुए जनता को जीवन की सुरक्षा का पाठ पढ़ाने निकले। ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ के दूसरे दिन, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से एक भव्य हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया।
खुद मिसाल बनकर दिया सुरक्षा का संदेश : कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने स्वयं हेलमेट पहनकर लगभग 70 पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ शहर का भ्रमण किया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यह समझाना था कि हेलमेट बोझ नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच है।
शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी रैली : रैली की शुरुआत पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय प्रांगण से हुई। अधिकारियों का काफिला महाराजा चौक, बस स्टैंड और गिरांग चौक होते हुए नेशनल हाइवे 43 पर स्थित ग्राम घोलेंगे तक पहुँचा। वहाँ से वापसी में डोड़का चौरा, गम्हरिया, हाउसिंग बोर्ड और रणजीता स्टेडियम चौक होते हुए रैली वापस कार्यालय में संपन्न हुई। पूरे रास्ते में पुलिस बल ने “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” के नारों के साथ लोगों को जागरूक किया।
अधिकारियों की जनता से अपील :
- कलेक्टर रोहित व्यास: “घर से निकलते समय दुपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले, दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। आपकी सुरक्षा आपके ही हाथ में है।”
- SSP शशि मोहन सिंह: “सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतों का कारण सिर की चोट होती है। हेलमेट इस जोखिम को काफी हद तक कम कर देता है। आपकी एक छोटी सी सावधानी आपके परिवार की खुशियां सुरक्षित रख सकती है।”
महीने भर चलेगा जागरूकता अभियान : उल्लेखनीय है कि जशपुर पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसके तहत पूरे महीने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता फैलाई जाएगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।




