सारंगढ़ - बिलाईगढ़

धान के ‘अवैध’ कुबेरों पर प्रशासन का डंडा : दुमुहानी और पवनी में ताबड़तोड़ छापेमारी, गोदामों से सैकड़ों बोरी धान जब्त, कोचियों में मचा हड़कंप!…

सारंगढ़-बिलाईगढ़। ​समर्थन मूल्य पर धान खपाने की फिराक में बैठे अवैध कारोबारियों और बिचौलियों पर जिला प्रशासन ने आज ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ कर दी है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नोजे के कड़े निर्देशों के बाद बिलाईगढ़ मंडी क्षेत्र में उड़नदस्ते और जांच दल ने ऐसी दबिश दी कि जमाखोरों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने ग्राम दुमुहानी और पवनी में गुप्त ठिकानों पर छापा मारकर लाखों रुपये का अवैध धान जब्त किया है।

दुमुहानी में गोदाम खंगाला, 32 क्विंटल धान बरामद : प्रशासन की टीम ने सबसे पहले ग्राम दुमुहानी में धावा बोला। यहाँ मेलाराम बंजारे के गोदाम में अवैध रूप से धान डंप किए जाने की खबर थी। जांच दल ने जब गोदाम का शटर उठाया, तो वहां अवैध धान का जखीरा मिला। टीम ने मौके से 80 बोरी (32 क्विंटल) धान जब्त कर मेलाराम के मंसूबों को नाकाम कर दिया।

पवनी में दुकानों की आड़ में चल रहा था ‘खेल’ : दुमुहानी के बाद जांच की आंच ग्राम पवनी तक पहुंची। यहाँ दुकान परिसर की आड़ में धान का अवैध भंडारण किया जा रहा था।

  • रामकृष्ण साहू: इनके दुकान परिसर से 56 बोरी (22.4 क्विंटल) धान जब्त किया गया।
  • गणेश साहू: इनके परिसर से भी 51 बोरी (20.4 क्विंटल) धान बरामद हुआ।

​ये दोनों व्यापारी दुकान की आड़ में धान जमा कर रहे थे, ताकि इसे उपार्जन केंद्रों में खपाया जा सके।

कुल 187 बोरी धान जब्त, जप्ती प्रकरण दर्ज : प्रशासन ने एक ही दिन में तीन जगहों पर कार्रवाई करते हुए कुल 187 बोरी (लगभग 75 क्विंटल) धान जब्त कर जप्ती प्रकरण बना लिया है। इस कार्रवाई से यह साफ़ हो गया है कि धान खरीदी में गड़बड़ी करने वालों और अवैध भंडारण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन का सन्देश: “सुधर जाएं, वरना होगी जेल” : कलेक्टर के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई ने जिले भर के कोचियों और बिचौलियों की नींद उड़ा दी है। जांच दल ने स्पष्ट कर दिया है कि यह तो सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है। अवैध धान खपाने वालों पर मंडी अधिनियम के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!