झाड़ियों में मिली युवक की जली हुई लाश, 80% शरीर खाक- हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका…

बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह झाड़ियों के बीच एक युवक की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव करीब 80 प्रतिशत तक जल चुका था, जिससे उसकी पहचान पूरी तरह मिट चुकी है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए उसे जलाया गया है।
तिफरा से मन्नाडोल जाने वाली पगडंडी के किनारे झाड़ियों के बीच यह लाश मिली। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिरगिट्टी पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू की।
पहचान मिटाने की कोशिश? – पुलिस के अनुसार, शव जलाने में स्पिरिट जैसे तेज ज्वलनशील केमिकल का इस्तेमाल किया गया है। सामान्यतः पेट्रोल या मिट्टी तेल से जलाने पर शव अधजला रहता है, लेकिन इस मामले में शरीर लगभग पूरी तरह खाक हो चुका था। यही कारण है कि न तो कोई दाग या हुलिया मिला, न ही पहचान से जुड़ा कोई सुराग।
थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि मृतक की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है और शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत होता है। आसपास के थानों से दर्ज मिसिंग रिपोर्ट की तस्दीक कराई जा रही है ताकि पहचान स्थापित की जा सके।
संघर्ष या पैरों के निशान भी नहीं : फोरेंसिक टीम को मौके से किसी तरह के संघर्ष, घसीटने या पैरों के निशान नहीं मिले। इससे पुलिस को आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव यहां लाकर जलाया गया होगा। इलाके की सुनसान पगडंडी से बहुत कम लोग गुजरते हैं — केवल कुछ ग्रामीण शौच के लिए इस रास्ते का उपयोग करते हैं।
कैमरों ने भी नहीं दिया सुराग : घटनास्थल से निकलने के कई रास्ते हैं और आस-पास के भवनों में सीसीटीवी कैमरे बहुत कम हैं। पुलिस टीम संभावित मार्गों के कैमरे खंगाल रही है, लेकिन देर शाम तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
जांच जारी – पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या, पहचान छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने — तीनों कोणों से जांच की जा रही है।
“होटल के पीछे झाड़ियों के बीच जली हुई युवक की लाश मिली है। पहचान अभी नहीं हो पाई है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।” – किशोर केंवट, थाना प्रभारी सिरगिट्टी




