रायगढ़

रायगढ़ : सड़क हादसे के बाद रहस्य और गहरा – हादसे में मरे दो युवकों के शव अस्पताल पहुंचे, पर अटेंडर गायब… बाद में सड़क किनारे घायल मिला और मौत…

रायगढ़। जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुआ सड़क हादसा अब रहस्य और संदेह के घेरे में है। दो युवकों की मौत के बाद उनके शवों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन साथ गया अटेंडर रास्ते से ही रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। कुछ देर बाद वह युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला और इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।

हादसा और मौत की कड़ी : जानकारी के अनुसार, खम्हार निवासी आशीष राठिया और उसका साथी सरोज भोय शुक्रवार रात दशहरा देखकर धर्मजयगढ़ से लौट रहे थे। रात लगभग 1 बजे नकना और खम्हार के बीच उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही गांव का ही नरेश कुमार राठिया वहां पहुंचा और अटेंडर बनकर संजीवनी 108 एम्बुलेंस से दोनों शवों को धर्मजयगढ़ सिविल अस्पताल ले जाने लगा। लेकिन जब एम्बुलेंस अस्पताल पहुंची, तो उसमें केवल शव थे — नरेश कहीं नहीं था।

आखिर आधे घंटे की टाइमलाइन के बिच कैसे मिला नरेश भंवरखोल के पास सड़क किनारे इतनी गंभीर हालत में ???…

सड़क किनारे लहूलुहान और मौत : करीब 30 मिनट बाद डायल 112 की टीम ने नरेश को भंवरखोल के पास मुख्य सड़क किनारे घायल अवस्था में पाया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवकों की लगातार तीन मौतों से गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।

ग्रामीणों के सवाल: एम्बुलेंस से कहां और कैसे उतरा?…ग्रामीणों का आरोप है कि –

  • नरेश शवों के साथ एम्बुलेंस में गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले वह बाहर कैसे मिला?
  • क्या वह खुद गिरा, या किसी ने उसे धक्का दिया?
  • आखिर 20 मिनट में उसके साथ ऐसा क्या हुआ कि वह लहूलुहान सड़क किनारे पड़ा मिला?

इन्हीं सवालों को लेकर शनिवार सुबह ग्रामीणों ने धर्मजयगढ़ थाने का घेराव किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस का बयान और संदेह : थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव ने कहा कि नरेश एम्बुलेंस में अटेंडर के रूप में सवार था। एम्बुलेंस का दरवाजा दोनों ओर से खुलता है। संभावना है कि वह चलती एम्बुलेंस से गिर गया हो, या कोई और कारण रहा हो। पुलिस ने जांच का भरोसा दिलाया है।

वहीं डायल 112 के एएसआई एसके वर्मा ने पुष्टि की कि नरेश को सड़क किनारे घायल अवस्था में पाया गया था।

तीन मौतें और अनुत्तरित सवाल : इस पूरे मामले ने ग्रामीणों के बीच गहरी शंका पैदा कर दी है।

  • क्या यह महज हादसा है या इसमें कोई साज़िश छुपी है?
  • नरेश की मौत अचानक हुई दुर्घटना थी या किसी रहस्य का हिस्सा?

एक ही रात में तीन मौतों ने धर्मजयगढ़ को झकझोर दिया है। अब पूरा गांव पुलिस जांच की दिशा पर टकटकी लगाए हुए है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!