राजहरा में अवैध शराब का तांडव : पुलिस और आबकारी विभाग के संरक्षण और प्रशासन की सुस्ती पर उठे सवाल

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के राजहरा शहर में अवैध शराब कारोबार ने कानून व्यवस्था को बुरी तरह झकझोरा है, लेकिन इस संबंध में समाचार प्रकाशित होने के बावजूद भी स्थानीय पुलिस इस गंभीर समस्या के प्रति गंभीर दिख नहीं रही। बालोद जिले के दल्ली राजहरा बस स्टैण्ड के पास संचालित जीवन होटल में देशी-विदेशी ब्रांड की अवैध शराब खुलेआम बिक रही है और परोसी जा रही है। इस खुलेआम संचालित हो रहे अवैध शराब बॉर को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा रोष है, क्योंकि न तो कोई प्रभावी कार्यवाही हुई है और न ही पुलिस ने इस पर कठोर रवैया अपनाया है वही अवैध शराब कारोबारी को समझाईश देकर छोड़ दिया गया।
हमारे द्वारा प्रकाशित समाचार जिसका शीर्षक “यहां मचा रहा अवैध शराब का तांडव, कानून व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल” पर राजहरा पुलिस द्वारा महज खानापूर्ति कर सालों से चल रहे अवैध शराबखाने के मालिक जीवन यादव को “समझाईश” देकर छोड़ दिया गया। शहर की जनता पुलिस की इस कारगुजारी से खासा नाराज है। उनका कहना है कि शहर में प्रमुख हृदय स्थल नया बस स्टैण्ड में चल रहे “अघोषित बॉर” पर कोई कार्यवाही नहीं हुई जबकि “खबर नवीसो” (पत्रकार) द्वारा खुलेआम चल रहे अघोषित बॉर की स्टिंग ऑपरेशन कर वीडियो रिकॉर्ड भी मौजूद है।
आपको बता दें कि बालोद जिले के दल्ली राजहरा बस स्टैण्ड में खुलेआम बिक रही अवैध शराब। दल्ली राजहरा बस स्टैण्ड स्थित जीवन होटल में देशी विदेशी ब्रांड की अवैध शराब खुलेआम बेची तथा परोसी जा रही है। इससे स्वास्थ्य और सामाजिक व्यवस्था दोनों प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या पर तुरंत कार्यवाही की मांग की है, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाई जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे। लेकिन सनसनीखेज खबर छपने के बावजूद भी पुलिस अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग पाई। इससे समझ आता है कि राजहरा पुलिस द्वारा बड़े स्तर पर अवैध कारोबार करने वाले लोगों को खुली छूट दे रखी गई है वही अपनी रोजी रोटी चलाने वाले और जीवन यापन कर अपने परिवार को पालने वाले छुटपुट अवैध शराब कारोबारी और शराब कोचिया को झट से गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया जाता है।
सबसे शर्मनाक बात तो यह है कि राजहरा पुलिस की मोहब्बत वाली समझाईश के बावजूद जीवन होटल के संचालक जीवन यादव को कोई खासा फर्क नहीं पड़ा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध शराब के इस कारोबार के पीछे जीवन यादव नामक संचालक का पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों तक गहरा नाता है। इसी वजह से उसे पुलिस द्वारा समझाईश मात्र ही दी जाती है। रोजाना अखबारों और न्यूज पोर्टल में पुलिस द्वारा जारी समाचार देखने को मिलते है जिसमें छोटे अवैध शराब कारोबारीयों को सख्ती से जेल दाखिल करवाया देखा जा सकता है, जबकि बड़े संरक्षित अवैध शराब कारोबारियों पर कार्यवाही टाल दी जाती है। इससे शहर की जनता में पुलिस पर भारी नाराजगी पनप रही है।
राजहरा पुलिस की ओर से केवल खानापूर्ति के स्तर पर ही मामला निपटा दिया जाता है। कई बार जीवन यादव को समझाइश देकर छोड़ दिया गया, जबकि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री का सीधा प्रमाण मौजूद है, जिसमें खबर नवीसो (पत्रकार) द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो भी शामिल हैं। इसके बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कदम उठाने से इनकार कर दिया। इस रवैये से स्पष्ट होता है कि राजहरा पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही है और सत्ता संरक्षण और छुटभैय्ये नेताओं की चपेट में आ चुकी है।
इस पूरे मामले पर पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी भी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। राजहरा में चल रहे अवैध शराब कारोबार के खिलाफ खबरें और साक्ष्य सार्वजनिक होने के बावजूद कोई सख्त कदम नहीं उठाना प्रशासन की सुस्ती को दर्शाता है। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बचता रहेगा और जनता के स्वास्थ्य तथा सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने वाले इन अवैध शराब कारोबारियों को खुली छूट देता रहेगा।

स्थानीय नागरिक एवं सामाजिक संगठन इस मामले में त्वरित और कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे हैं, ताकि अवैध शराब के कारोबार को रोका जा सके और राजहरा में कानून व्यवस्था को मजबूती मिले। साथ ही प्रशासन से भी अनुरोध है कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लें और ऐसे अधिकारी और व्यक्ति जो संरक्षण देकर अपराध को बढ़ावा देते हैं, उनके खिलाफ भी कार्यवाही करें।

ऐसे समय में जब छत्तीसगढ़ सरकार हर स्तर पर अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुधार की दिशा में कदम बढ़ा रही है, राजहरा पुलिस की यह सुस्ती और कथित संरक्षण कहीं न कहीं प्रशासन की छवि को भी प्रभावित करता है। जनता उम्मीद करती है कि इस पर जल्द से जल्द संज्ञान लेकर दोषियों को सजा मिले और इलाके में शांति और न्याय कायम हो। (फीचर इमेज मात्र “एआई” से निर्मित है।)
“हमें अवैध शराब कारोबार का वीडियो प्राप्त हुआ है। दल्ली राजहरा बस स्टैंड के जीवन होटल में अवैध शराब बेचने और बिठाकर शराब परोसने की शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्यवाही होगी। इस पर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।”
रामगोपाल गर्ग
पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज





One Comment